1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. KKR के बाद अभिषेक नायर को मिला एक और टीम का साथ, निभाएंगे ये अहम जिम्मेदारी

KKR के बाद अभिषेक नायर को मिला एक और टीम का साथ, निभाएंगे ये अहम जिम्मेदारी

 Written By: Vanson Soral
 Published : Apr 26, 2025 08:59 pm IST,  Updated : Apr 26, 2025 08:59 pm IST

अभिषेक नायर को हाल ही में टीम इंडिया के सहायक कोच पद से हटा दिया गया था। इसके बाद वह KKR टीम में शामिल हो गए। अब उन्हें एक और टीम का साथ मिल गया है।

Abhishek Nayar- India TV Hindi
अभिषेक नायर Image Source : PTI

मुंबई की क्रिकेट दुनिया में एक बार फिर T20 मुंबई लीग की वापसी हो रही है, और इसके साथ ही कई दिग्गज नाम इस लीग से जुड़ने लगे हैं। भारत के पूर्व क्रिकेटर अभिषेक नायर और पूर्व गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे को इस लीग के लिए क्रमश: मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स और एआरसीएस अंधेरी टीमों का 26 अप्रैल को मेंटोर नियुक्त किया गया है।

हाल ही में अभिषेक नायर को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के सहायक कोच पद से हटाया गया था, जिसके बाद उन्होंने IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स में दोबारा वापसी की। अब वह T20 मुंबई लीग में भी अपनी रणनीतिक सलाह और अनुभव साझा करेंगे। अभिषेक नायर 8 महीने पहले ही टीम इंडिया से जुड़े थे। पिछले साल टीम को न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मिली हार के बाद उन्हें टीम इंडिया के सहायक कोच पद से हटा दिया गया। इसके बाद अब वह T20 लीग में वापसी कर रहे हैं। 

6 साल बाद वापसी कर रही लोकप्रिय लीग

T20 मुंबई लीग करीब 6साल के लंबे अंतराल के बाद वापसी कर रही है। इसका आयोजन 26 मई से 8 जून तक किया जाएगा। तीसरे सत्र में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। इस बार लीग को लेकर खिलाड़ियों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक रिकॉर्ड 2,800 क्रिकेटरों ने इस लीग के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। इस लीग में सिर्फ अभिषेक और पारस ही नहीं, बल्कि ओमकार साल्वी, राजेश पवार, अतुल रानाडे और पूर्व दिग्गज स्पिनर प्रवीण तांबे जैसे नाम भी अलग-अलग फ्रेंचाइजी के मुख्य कोच की भूमिका में नजर आएंगे।

स्थानीय क्रिकेट और कोचिंग को मिलेगा बढ़ावा

मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने इस मौके पर कहा कि हम मुंबई क्रिकेट संघ में स्थानीय कोच और सहयोगी स्टाफ को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा प्रयास है कि उन्हें सिर्फ मुंबई क्रिकेट में ही नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के बड़े मंच तक पहुंचने का मौका मिले। इस लीग के जरिए हम इसी दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।

(PTI Inputs)

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल