भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला होबार्ट के मैदान पर खेला जा रहा है, जिसमें टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भले ही सिर्फ 25 रनों की पारी खेलने में कामयाब हुए लेकिन वह एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने में कामयाब जरूर रहे हैं। इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीता था, जिसके बाद उन्होंने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया, ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 186 रनों का स्कोर बनाया।
अभिषेक शर्मा ने शिखर धवन के रिकॉर्ड को किया ध्वस्त
भारतीय टीम के बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का साल 2025 में बल्ले से काफी शानदार फॉर्म देखने को मिला है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में उनके बल्ले से बेहतरीन अर्धशतकीय पारी भी देखने को मिली थी। हालांकि तीसरे टी20 मैच में अभिषेक अपने उसी फॉर्म को जारी रखने में कामयाब नहीं हो सके और सिर्फ 25 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौट गए। अभिषेक अपनी इस पारी के दम पर भी एक बड़ा कारनामा करने में कामयाब रहे, जिसमें वह टी20 इंटरनेशनल में भारत की तरफ से एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ओपनिंग बल्लेबाज बन गए हैं, जिसमें उन्होंने शिखर धवन के साल 2018 के रिकॉर्ड को तोड़ने का काम किया। अभिषेक जहां अभी तक इस साल कुल 705 रन बना चुके हैं तो वहीं शिखर धवन ने साल 2018 में कुल 689 रन बनाए थे।
एक साल में सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल में रन बनाने वाले भारतीय ओपनिंग बल्लेबाज
- अभिषेक शर्मा - 705 रन (साल 2025)
- शिखर धवन - 689 रन (साल 2018)
- रोहित शर्मा - 649 रन (साल 2022)
- रोहित शर्मा - 590 रन (साल 2018)
- रोहित शर्मा - 497 रन (साल 2016)
- ईशान किशन - 476 रन (साल 2022)
सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड भी तोड़ने का अभिषेक के पास मौका
अभी भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया में जहां टी20 सीरीज के 2 मुकाबले खेलने बाकी हैं तो वहीं इसके बाद घर पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। ऐसे में अभिषेक शर्मा के पास भारतीय खिलाड़ी के तौर पर एक साल में सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल रन बनाने के मामले में सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ने का शानदार मौका है। सूर्या ने साल 2022 में 31 टी20 इंटरनेशनल मैचों में खेलते हुए कुल 1164 रन बनाए थे। ऐसे में अभिषेक को उनके इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए अभी 460 रन अगले 7 मैचों में बनाने होंगे।
ये भी पढ़ें
सेलेक्टर्स ने किया T20 स्क्वाड का ऐलान, इन 2 प्लेयर्स की टीम में करवाई गई वापसी
टूट गया विराट कोहली का ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड, T20I क्रिकेट के नए सिरमौर बने बाबर आजम