भारतीय क्रिकेट टीम के लिए यूके के दौरे की शुरुआत बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार देखने को नहीं मिली है, जिसमें आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया को 34 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच का आगाज होने से पहले सभी फैंस को उम्मीद थी कि प्लेइंग 11 में पहली बार 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलेगा लेकिन उनको बेंच पर भी बैठना पड़ा। मुकाबले में हार के बाद जहां टीम इंडिया के बल्लेबाजों को खराब प्रदर्शन के चलते आलोचना का सामना करना पड़ रहा है तो वहीं वैभव सूर्यवंशी को नहीं खिलाने के फैसले को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। इसी को लेकर आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में खेले गए पहले वनडे मैच के खत्म होने के बाद टीम इंडिया के ओपनिंग बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का वैभव सूर्यवंशी को लेकर पूछे गए सवाल पर बड़ा बयान सामने आया है।
वह हर समय खेलने के लिए बहुत उत्सुक रहता है
अभिषेक शर्मा जो सिर्फ अकेले ऐसे भारतीय खिलाड़ी रहे जिनके बल्ले से आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में 20 गेंदों में 50 रनों की पारी देखने को मिली। अभिषेक ने मुकाबले में हार के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में वैभव सूर्यवंशी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि एक टीम के तौर पर मुझे लगता है अभी हमारी कोशिश उसको इस ग्रुप में सहज महसूस कराने की बड़ी जिम्मेदारी है। वह अभी युवा है और मुझे लगता है कि वह हर समय खेलने के लिए काफी उत्सुक रहता है। वह काफी सवाल लगातार पूछता रहता है और इससे ही पता चलता है कि उसमें सीखने की काफी चाहत है। इसलिए हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि उसे लगे कि वह इस ग्रुप का हिस्सा है।
अब दूसरे टी20 मैच में मौका मिलने की सभी को उम्मीद
आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में अभिषेक शर्मा को छोड़कर अन्य कोई भी भारतीय बल्लेबाज कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सका जो टीम इंडिया की हार का एक सबसे बड़ा कारण भी है। अब 28 जून को खेले जाने वाले इस सीरीज के दूसरे और आखिरी मैच में प्लेइंग 11 में कुछ बदलाव होना तय माने जा रहे हैं, जिसमें वैभव सूर्यवंशी को या तो संजू सैमसन या फिर ईशान किशन में से किसी एक की जगह पर मौका दिया जा सकता है। वैभव का हालिया फॉर्म भी उनके साथ है जिसमें उन्होंने कुछ दिन पहले ही श्रीलंका में खेली गई ए टीम की वनडे ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में सिर्फ 29 गेंदों में 94 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी।
ये भी पढ़ें
आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 में टीम इंडिया को क्यों मिली हार? अभिषेक शर्मा ने बताया कारण
श्रेयस अय्यर को कैप्टन्सी डेब्यू पर मिली करारी हार, विराट-गिल वाले अनचाहे लिस्ट में शामिल हुआ नाम