T20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज से बाहर होने के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बदलाव का फैसला किया और अब टीम नई दिशा में कदम बढ़ाने को तैयार है। इस बीच अफगानिस्तान क्रिकेट ने बड़ा ऐलान किया है। अफगानिस्तान ने अपने नए कोच का ऐलान कर दिया है। अफगानिस्तान ने अपनी टीम की कमान एक ऐसे कोच के हाथों में सौंपी है, जिनका नाम वर्ल्ड क्रिकेट में हाई-परफॉर्मेंस सिस्टम और वर्ल्ड कप जीत के साथ जुड़ा रहा है।
अफगानिस्तान ने आधिकारिक तौर पर रिचर्ड पायबस को अफगानिस्तान मेन्स टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। वह मार्च में श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली व्हाइट-बॉल सीरीज से पहले टीम से जुड़ेंगे। इस सीरीज का आगाज 13 मार्च से होगा और यही उनके कार्यकाल की पहली बड़ी परीक्षा भी होगी।
पायबस क्रिकेट जगत में एक बेहद सम्मानित कोच और परफॉर्मेंस डायरेक्टर रहे हैं। उन्होंने 2013 से 2019 के बीच वेस्टइंडीज टीम के साथ हेड कोच, डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट और हाई-परफॉर्मेंस हेड जैसी जिम्मेदारियां निभाईं। इसी दौरान 2016 में वेस्टइंडीज ने इतिहास रचते हुए मेन्स, वूमेन्स और अंडर-19 तीनों ICC वर्ल्ड कप खिताब एक ही कैलेंडर ईयर में जीते।
इससे पहले वह पाकिस्तान नेशनल टीम के मुख्य कोच रहे और 1999 क्रिकेट वर्ल्ड कप में टीम को फाइनल तक पहुंचाया, जहां पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी। उन्होंने 2013 में बांग्लादेश क्रिकेट को भी कोचिंग दी। उन्हें दो बार साउथ अफ्रीकन क्रिकेट कोच ऑफ द ईयर भी चुना गया।
व्यक्तिगत खिलाड़ियों के विकास में भी उनकी भूमिका अहम रही है। पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान, साउथ अफ्रीका के फाफ डु प्लेसिस और दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन जैसे खिलाड़ियों के करियर को निखारने में उन्होंने योगदान दिया। कोचिंग के अलावा पायबस एक एकेडमिक और परफॉर्मेंस स्ट्रैटेजिस्ट भी हैं। 2022 में उन्हें लंदन की मिडलसेक्स विश्वविद्यालय से ऑप्टिमल परफॉर्मेंस सिस्टम पर रिसर्च के लिए डॉक्टरेट की उपाधि मिली। इसके अलावा उनके पास ग्रीनविच विश्वविद्यालय से पोस्टग्रेजुएट डिग्री और पोर्ट्समाउथ विश्वविद्यालय से बीए (ऑनर्स) की डिग्री है।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड को उम्मीद है कि पायबस के अनुभव और रणनीतिक सोच से टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकेगा। अब सबकी नजरें श्रीलंका के खिलाफ आगामी सीरीज पर होंगी, जहां से अफगानिस्तान अपने नए कोच के साथ नई शुरुआत करेगा।
यह भी पढ़ें:
9 साल के बाद होगी टेस्ट में भिड़ंत, बांग्लादेश के खिलाफ हुआ टेस्ट सीरीज का ऐलान
वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल का हो गया ऐलान, जानिए किस दिन भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान
संपादक की पसंद