1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अजिंक्य रहाणे ने विदेशी टी20 लीग में लिया खेलने का फैसला, ETPL में एम्स्टर्डम फ्लेम्स का बने हिस्सा

अजिंक्य रहाणे ने विदेशी टी20 लीग में लिया खेलने का फैसला, ETPL में एम्स्टर्डम फ्लेम्स का बने हिस्सा

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Aug 07, 2026 03:52 pm IST,  Updated : Aug 07, 2026 03:52 pm IST

अजिंक्य रहाणे ने 30 जुलाई को इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान किया था, जिसके बाद अब उन्होंने यूरोपियन टी20 लीग जो 26 अगस्त से शुरू होगी उसमें एम्स्टर्डम फ्लेम्स की तरफ से खेलने का फैसला लिया है।

Ajinkya Rahane- India TV Hindi
अजिंक्य रहाणे Image Source : PTI

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे जिन्होंने 30 जुलाई की सुबह इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने का ऐलान किया था, अब वह अपने करियर में पहली बार किसी विदेशी टी20 लीग में खेलते हुए नजर आने वाले हैं। 26 अगस्त से शुरू होने वाली यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग के पहले सीजन में अजिंक्य रहाणे एम्स्टर्डम फ्लेम्स के स्क्वाड का हिस्सा बने हैं, जिसमें उनको मार्की खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया गया है। रहाणे की ETPL से जुड़ने की खबर का आधिकारिक ऐलान 7 अगस्त को किया गया। रहाणे जिनकी गिनती टेस्ट क्रिकेट के बेहतरीन बल्लेबाजों में की जाती है, उनके पास टी20 क्रिकेट का भी काफी अनुभव हासिल है जिसमें उन्होंने 308 टी20 मैचों में खेलते हुए 30.29 के औसत से 7968 रन बनाए हैं और इस दौरान उनके बल्ले से 56 अर्धशतकीय और 2 शतकीय पारियां भी देखने को मिली हैं।

क्रिकेट ने मुझे बहुत कुछ दिया है

अजिंक्य रहाणे ने रिटायरमेंट का ऐलान करने के बाद अब ETPL में खेलने के अपने फैसले को लेकर कहा कि क्रिकेट ने मुझे बहुत कुछ दिया है और मेरा हमेशा से यह मानना रहा है कि प्लेयर्स की यह जिम्मेदारी रहती है कि वह भी इस खेल को कुछ देकर जाएं। यूरोप में क्रिकेट एक रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहा है यहां पर क्रिकेट को लेकर काफी कुछ संभावनाएं मौजूद हैं। एम्स्टर्डम फ्लेम्स की जिस बात ने मुझे प्रभावित किया वह यह कि मैदान के अंदर और बाहर कुछ नया करने की और मैं मैनेजमेंट के साथ मिलकर एक सफल फ्रेंचाइजी बनाने के साथ-साथ अगली पीढ़ी को प्रेरित करने और पूरे यूरोप में क्रिकेट के भविष्य को मजबूत करने के लिए काफी उत्साहित हूं।

स्टीव स्मिथ के साथ खेलते हुए नजर आएंगे रहाणे

यूरोपियन टी20 लीग में एम्स्टर्डम फ्लेम्स के को-फाउंडर और चीफ क्रिकेट ऑफिसर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज स्टीव वॉ हैं। वहीं एम्स्टर्डम फ्लेम्स के स्क्वाड को लेकर बात की जाए तो उसमें अजिंक्य रहाणे के साथ स्टीव स्मिथ, टिम डेविड, माइकल ब्रेसवेल और मिचेल मार्श जैसे बेहतरीन टी20 फॉर्मेट के खिलाड़ी मौजूद हैं जिसमें मार्श कप्तानी की जिम्मेदारी को भी संभालते हुए दिखाई देंगे। 26 अगस्त से शुरू होने वाले ETPL का पहला सीजन 20 सितंबर तक चलेगा, जिसमें एम्स्टर्डम फ्लेम्स अपना पहला मुकाबला 26 अगस्त को ही रॉटरडैम डॉकर्स के खिलाफ वूरबर्ग के स्पोर्टपार्क डुइवेस्टीन स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 6:45 बजे से खेलेगी।

ये भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी को मिचेल मार्श ने छोड़ा पीछे, किसने लगाए हैं इस साल टी20 में सबसे ज्यादा छक्के?

श्रीलंका में कितने साल से टेस्ट सीरीज नहीं हारी है टीम इंडिया, शुभमन गिल कहीं कबाड़ा ना कर दें

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल