ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन उससे पहले आयरलैंड महिला टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम की अनुभवी ऑलराउंडर लौरा डेलानी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह 18 साल की युवा ऑलराउंडर एलिस टेक्टर को आयरलैंड की वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया गया है। डेलानी की गैरमौजूदगी आयरलैंड के लिए किसी बड़े नुकसान से कम नहीं है, क्योंकि वह टीम की सबसे अनुभवी और जुझारू खिलाड़ियों में से एक मानी जाती हैं। हालांकि, इस झटके के बीच युवा एलिस टेक्टर के पास अब वर्ल्ड क्रिकेट के सबसे बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा साबित करने का सुनहरा मौका होगा।
चोट के कारण बाहर हुईं लौरा डेलानी
क्रिकेट आयरलैंड ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की कि लौरा डेलानी चोट के कारण अगले महीने इंग्लैंड में होने वाले ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 और उससे पहले आयोजित होने वाली ट्राई सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। डेलानी का बाहर होना आयरलैंड के अभियान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि वह टीम की प्रमुख ऑलराउंडरों में शामिल हैं और कई मौकों पर टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाल चुकी हैं।
एलिस टेक्टर को मिला बड़ा मौका
डेलानी की जगह 18 साल की एलिस टेक्टर को टीम में शामिल किया गया है। एलिस ने 2024 में आयरलैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था और अब तक पांच इंटरनेशनल मैच खेल चुकी हैं। एलिस आयरलैंड मेन्स टीम के स्टार क्रिकेटरों हैरी टेक्टर और टिम टेक्टर की छोटी बहन हैं। फीनिक्स क्रिकेट क्लब से खेलने वाली यह युवा ऑलराउंडर आयरलैंड क्रिकेट की सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं।
वर्ल्ड कप से पहले ट्राई सीरीज खेलेगा आयरलैंड
वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले आयरलैंड अपने घर में वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के साथ ट्राई सीरीज खेलेगा। यह सीरीज टीम के लिए वर्ल्ड कप की तैयारियों को अंतिम रूप देने का महत्वपूर्ण अवसर होगी। आयरलैंड महिला टीम का वर्ल्ड कप अभियान 13 जून को स्कॉटलैंड के खिलाफ मुकाबले से शुरू होगा। इसके बाद टीम को इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज जैसी मजबूत टीमों का सामना करना है।
T20 वर्ल्ड कप 2026 में आयरलैंड के मैच
- 13 जून - स्कॉटलैंड बनाम आयरलैंड (ओल्ड ट्रैफर्ड)
- 16 जून - इंग्लैंड बनाम आयरलैंड (हैम्पशायर)
- 19 जून - न्यूजीलैंड बनाम आयरलैंड (हैम्पशायर)
- 23 जून - श्रीलंका बनाम आयरलैंड (ब्रिस्टल)
- 27 जून - वेस्टइंडीज बनाम आयरलैंड (ब्रिस्टल)
यह भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी को रोकने के लिए SRH ने बनाया मास्टरप्लान, पैट कमिंस बोले- प्लान A, B और C सब तैयार
अब दो फेज में होगा आईपीएल! सितंबर- अक्टूबर में भी खेले जाएंगे मुकाबले, आखिर कब से होगा ये बदलाव