Alyssa Healy: ICC वूमेन्स ODI वर्ल्ड कप 2025 में शानदार प्रदर्शन कर रही ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम की कप्तान और स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज एलिसा हीली इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले से पिंडली में खिंचाव (calf strain) की वजह से बाहर हो गई हैं। यह मुकाबला 22 अक्टूबर यानी बुधवार को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा।
हीली को यह चोट पिछले शनिवार को अभ्यास सत्र के दौरान लगी थी। टीम मैनेजमेंट ने पुष्टि की है कि वह अगले मैच में नहीं खेलेंगी और उनकी फिटनेस पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। उम्मीद है कि वह 25 अक्टूबर को साउथ अफ्रीका के खिलाफ अंतिम लीग मैच से पहले फिट हो जाएंगी। हीली की गैरमौजूदगी में ताहलिया मैक्ग्रा टीम की कप्तानी संभालेंगी, जबकि बेथ मूनी विकेटकीपिंग करेंगी। 22 साल की युवा ओपनर जॉर्जिया वोल को शीर्ष क्रम में मौका मिलने की संभावना है।
शानदार फॉर्म में कप्तान हीली
हीली पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रही हैं। उन्होंने चार मैचों में 294 रन बनाए हैं, जिसमें दो लगातार शतक शामिल हैं। भारत के खिलाफ उन्होंने कप्तान के रूप में अपना पहला शतक (142 रन) जमाया था, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने महिला ODI क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ा सफल रन चेज किया। इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने नाबाद 113 रन बनाकर टीम को 10 विकेट से जीत दिलाई थी।
वैसे तो ऑस्ट्रेलिया पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी है, लेकिन टीम चाहेगी कि हीली जल्द पूरी तरह फिट होकर नॉकआउट मुकाबलों में वापसी करें। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही टीमें सेमीफाइनल में जगह बना चुकी हैं, लेकिन 22 अक्टूबर को होने वाला मुकाबला टेबल टॉप पोजीशन के लिहाज से अहम रहेगा।
ICC रैंकिंग में मारी छलांग
एलिसा हीली भले ही अगला मैच नहीं खेल पाएंगी लेकिन उन्हें शानदार प्रदर्शन का बड़ा इनाम मिला है। दरअसल, हीली को ICC रैंकिंग में जबरदस्त फायदा हुआ है। हीली 1 पायदान की छलांग लगाते हुए ICC ODI रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। उनकी रेटिंग 718 है। भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना शीर्ष पर बरकरार हैं। मंधाना की रेटिंग में इजाफा देखने को मिला है जबकि इंग्लैंड की कप्तान नैट सिवर-ब्रंट दूसरे स्थान पर हैं। उनकी रेटिंग 726 है।
यह भी पढ़ें
क्या पहला टेस्ट खेल पाएंगे कप्तान? स्टीव स्मिथ ने पैट कमिंस को लेकर दिया बड़ा अपडेट
बांग्लादेश की हार से भारत को हुआ बड़ा फायदा, जानिए कैसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट?