विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का पहला सेमीफाइनल मुकाबला कर्नाटक और विदर्भ की टीम के बीच बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस ग्राउंड-1 में खेला गया। इस मैच को विदर्भ की टीम ने 6 विकेट से अपने नाम करने के साथ फाइनल में अपनी जगह को पक्का कर लिया। विदर्भ को खिताबी मैच तक पहुंचाने में 25 साल के बल्लेबाज अमन मोखाड़े ने बल्ले से अहम भूमिका निभाई जिसमें उन्होंने कर्नाटक के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में 281 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए 122 गेंदों में 138 रनों की बेहतरीन पारी खेली। अमन अपनी इस पारी के दम पर लिस्ट-ए क्रिकेट में एक बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड की भी बराबरी करने में कामयाब हो गए, जो साउथ अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी ग्रेमी पोलाक के नाम पर दर्ज था।
विदर्भ की तरफ से खेलने वाले दाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज अमन मोखाड़े को पिछले सीजन एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला था। इस बार अमन ने मौका मिलने के साथ उसे पूरी तरह से भुनाया जिसमें वह विजय हजारे ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में अब तक 9 मैचों में पांच शतकीय पारियां खेलने में कामयाब हुए हैं। वहीं अमन ने कर्नाटक के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में अपनी 138 रनों की पारी के दम पर लिस्ट-ए क्रिकेट में अपने 1000 रनों का आंकड़ा भी पूरा कर लिया। इसी के साथ अमन लिस्ट-ए फॉर्मेट में वर्ल्ड क्रिकेट सबसे कम पारियों में एक हजार रन पूरे करने वाले साउथ अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी ग्रीम पोलाक के साथ संयुक्त रूप से सबसे तेज खिलाड़ी बन गए हैं। अमन मोखाड़े ने अब तक लिस्ट-ए क्रिकेट में कुल 17 मैच खेले हैं, जिसमें उन्हें 16 पारियों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला है और उन्होंने 67.53 के औसत से 1013 रन बनाए हैं और उनके बल्ले से 5 शतकीय और तीन अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं।
विदर्भ की टीम ने जहां फाइनल मुकाबले में अपनी जगह बना ली है तो वहीं उनका सामना सौराष्ट्र और पंजाब के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले की विजेता टीम के साथ 18 जनवरी को होगा। खिताबी मैच में अमन के पास एक और बड़ा कारनामा करने का मौका होगा, जिसमें वह विजय हजारे ट्रॉफी के एक सीजन में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में जहां करुण नायर और एन. जगदीशन के बराबर पहुंच गए हैं, जिसमें वह इस सीजन अब तक कुल 5 शतकीय पारियां खेल चुके हैं। वहीं अमन यदि फाइनल मैच में भी शतक लगाने में कामयाब होते हैं तो वह विजय हजारे ट्रॉफी के एक सीजन में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
ये भी पढ़ें
IND vs USA U19 World Cup 2026: भारत ने अमेरिका को दी करारी शिकस्त, मैच में हीरो बने 2 युवा प्लेयर्स
काव्या मारन की टीम ने किया कमाल, इस टूर्नामेंट के प्लेऑफ में मारी एंट्री
संपादक की पसंद