वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला 13 जुलाई से जमैका के सबाइना पार्क में पिंक बॉल से खेला जा रहा है। पहले दिन के खेल में कुल 11 विकेट गिरे, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई टीम जहां अपनी पहली पारी में 70.3 ओवर्स में 225 रन बनाकर सिमट गई तो वहीं विंडीज टीम ने अपनी पहली पारी में एक विकेट के नुकसान पर 16 रन बना लिए थे। वहीं पहले दिन के खेल में ट्रैविस हेड के कैच को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा देखने को मिली, जिसे विंडीज टीम की तरफ से सब्टिट्यूट फील्डर एंडरसन फिलिप ने पकड़ा था, जिसे देख सभी थोड़ी देर के लिए हैरान जरूर रह गए थे।
एंडरसन ने अपने दाईं तरफ हवा में लगाई डाइव और पकड़ लिया कैच
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अपना छठा विकेट 189 के स्कोर पर 65वें ओवर की आखिरी गेंद पर ट्रैविस हेड के रूप में गंवाया था। हेड ने जस्टिन ग्रीव्स की ऑफ स्टंप से बाहर की गेंद पर शॉट खेलने की जल्दी कर बैठे जिसमें गेंद हवा में मिड ऑफ में खड़े फील्डर से थोड़ी दूर जाती दिखी, लेकिन वहां पर फील्डिंग कर रहे सब्टिट्यूट फील्डर एंडरसन फिलिप ने अपने दाईं तरफ फुल डाइव लगाने के साथ गेंद को हवा में ही पकड़ लिया, जिसे देख उनके आसपास मौजूद बाकी के वेस्टइंडीज प्लेयर्स थोड़ी देर के लिए हैरान जरूर रह गए। ट्रैविस हेड इस मैच में 53 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 20 रन बनाकर आउट हो गए।
शमर जोसेफ और जायडन सील्स ने मिलकर हासिल किए 7 विकेट
जमैका टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया टीम की पहली पारी को 225 के स्कोर पर समेटने में विंडीज टीम के 2 तेज गेंदबाज शमर जोसेफ और जायडन सील्स ने अहम भूमिका अदा की, जिसमें जोसेफ ने 17.3 ओवर्स की गेंदबाजी में 33 रन देने के साथ 4 विकेट हासिल किए, तो वहीं जायडन सील्स 16 ओवर्स में तीन विकेट लेने में कामयाब रहे। पहले दिन का खेल खत्म होने पर ब्रैंडन किंग 8 और विंडीज कप्तान रोस्टन चेज 3 रन बनाकर नाबाद थे।
ये भी पढ़ें
मिचेल स्टार्क ने छुआ ऐतिहासिक मुकाम, ऐसा करने वाले बने सिर्फ दूसरे ऑस्ट्रेलियन पेसर
IND vs ENG: 2 साल से टीम इंडिया से बाहर, फिर भी वापसी का इंतजार, इंग्लैंड पहुंचकर कही दिल की बात