1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मैथ्यूज का आखिरी टेस्ट से पहले छलका दर्द, कहा- इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के जैसे हम क्यों नहीं खेल सकते

मैथ्यूज का आखिरी टेस्ट से पहले छलका दर्द, कहा- इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के जैसे हम क्यों नहीं खेल सकते

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jun 16, 2025 09:18 pm IST,  Updated : Jun 16, 2025 09:21 pm IST

श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच 17 जून से गाले में पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा। इस टेस्ट मैच में एंजेलो मैथ्यूज आखिरी बार श्रीलंका के लिए सफेद जर्सी में खेलते नजर आएंगे।

Angelo Mathews- India TV Hindi
एंजेलो मैथ्यूज Image Source : GETTY

श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का 17 जून से आगाज हो रहा है। टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गाले में खेला जाएगा, जो श्रीलंका के पूर्व कप्तान एंजेलो मैथ्यूज का आखिरी टेस्ट मैच होगा। इस मैच के साथ ही मैथ्यूज टेस्ट क्रिकेट अलविदा कह देंगे। मैथ्यूज ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि गाले में खेला जाने वाला टेस्ट मैच उनका आखिरी टेस्ट होगा। 38 साल के मैथ्यूज ने साल 2009 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। दिलचस्प बात ये है कि उन्होंने अपना पहला टेस्ट भी गाले में ही खेला था और अपना आखिरी टेस्ट भी इसी मैदान पर खेलने जा रहे हैं। 

गाले में टेस्ट सीरीज के आगाज से पहले एंजेलो मैथ्यूज मीडिया से मुखातिब हुए और उन्होंने भारत, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के इतर अन्य देशों के टेस्ट मैचों की घटती संख्या पर चिंता व्यक्त की। श्रीलंका साल 2025 में सिर्फ चार टेस्ट मैच खेलेगा। यह 2013 के बाद से एक कैलेंडर ईयर में सबसे कम टेस्ट मैच हैं। इसमें कोविड का साल 2020 शामिल नहीं है।

मैथ्यूज ने जताया दुख

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के नए चक्र में ऑस्ट्रेलिया को 22 टेस्ट, इंग्लैंड को 21 और भारत को 18 टेस्ट खेलने हैं। श्रीलंका को पिछले चक्र की तुलना में और भी कम टेस्ट खेलने हैं। श्रीलंका की टीम सिर्फ 12 टेस्ट खेलेगी, जो बांग्लादेश के साथ संयुक्त रूप से सबसे कम है। मैथ्यूज ने कहा कि ईमानदारी से कहूं तो यह काफी दुखद है। उनका मतलब है कि युवा पीढ़ी अधिक टेस्ट क्रिकेट के लिए आग्रह कर रही है। टेस्ट क्रिकेट स्पष्ट रूप से क्रिकेट का शिखर है। हम सभी को अधिक टेस्ट के लिए प्रयास करना चाहिए। ये लोग टेस्ट क्रिकेट को लेकर बहुत उत्साही हैं।

लंका क्यों नहीं खेल सकता?

उन्होंने कहा कि एक साल में कम से कम 10 टेस्ट मैच होने चाहिए। इंग्लैंड, भारत या ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमें साल में 15 से ज़्यादा मैच खेल रही हैं। हम क्यों नहीं खेल सकते? हम खेल सकते हैं। हमें खेलना ही होगा। हमने वर्ल्ड कप जीते हैं। हमने एक राष्ट्र के रूप में क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है, और हम ऑस्ट्रेलिया, भारत और इंग्लैंड की तरह ही टेस्ट क्रिकेट खेलने के हकदार हैं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल