एशिया कप 2025 में ग्रुप स्टेज के मुकाबले अब अपने अंतिम पड़ाव पर हैं, जिसमें 20 सितंबर से सुपर-4 राउंड के मुकाबलों की शुरुआत हो जाएगी। पाकिस्तान टीम ने यूएई के खिलाफ ग्रुप-ए के अपने आखिरी मैच में 41 रनों से जीत हासिल करने के साथ अगले दौर के लिए अपनी जगह को पूरी तरह से पक्का कर लिया है। वहीं टीम इंडिया जो ग्रुप-ए का हिस्सा है वह अपने शुरुआती दोनों मैच जीतने के साथ पहले ही सुपर-4 में पहुंच चुकी थी। अब सभी की नजरें ग्रुप-बी पर टिकी हुई हैं, जिसमें कौन सी 2 टीमें सुपर-4 में पहुंचती हैं उसका फैसला 18 सितंबर को श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले से होगा।
श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश तीनों सुपर-4 में पहुंचने की रेस में शामिल
ग्रुप-बी की प्वाइंट्स टेबल में टीमों की स्थिति को देखा जाए तो उसमें श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश तीनों ही सुपर-4 में पहुंचने की रेस में अभी फिलहाल शामिल हैं। ऐसे में 18 सितंबर को होने वाले श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच मुकाबले में यदि श्रीलंकाई टीम जीत हासिल करती है तो वह अगले राउंड में अपनी जगह पक्की कर लेगी साथ बांग्लादेश की टीम भी 4 अंकों के साथ सुपर-4 में पहुंच जाएगी। वहीं यदि अफगानिस्तान की टीम श्रीलंका को मात देने में कामयाब रहती है तो वह सुपर-4 में पहुंचेगी वहीं श्रीलंका और बांग्लादेश टीम में से जिसका भी बेहतर नेट रनरेट होगा उसे अगले राउंड का टिकट मिलेगा। अभी स्थिति देखी जाए तो श्रीलंका के जहां 4 अंक हैं तो वहीं उसका नेट रनरेट 1.546 का है, बांग्लादेश जिसके भी 4 अंक हैं उसका नेट रनरेट -0.270 का है। अफगानिस्तान की टीम 2 अंकों के साथ तीसरे नंबर पर है, जिसमें उसका नेट रनरेट 2.150 का है।
भारतीय टीम का ग्रुप-ए में टॉप पर रहना लगभग तय
ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल को देखा जाए तो उसमें भारत और पाकिस्तान सुपर-4 के लिए अपनी जगह को पक्का कर चुके हैं, लेकिन अभी भारतीय टीम को एक मुकाबला सुपर-4 से पहले खेलना बाकी है, जिसमें 19 सितंबर को उसका सामना ओमान की टीम से होगा। ऐसे में टीम इंडिया जो अभी 4 अंक और 4.793 के नेट रनरेट के साथ पहले नंबर पर काबिज है उसका ग्रुप स्टेज में टॉप पर रहना तय माना जा सकता है। ऐसी स्थिति में सुपर-4 में टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला 21 सितंबर को दुबई के मैदान पर पाकिस्तान की टीम के खिलाफ खेलेगी।
ये भी पढ़ें
IND vs OMAN Live Streaming: सोनी नहीं तो कहां देखें भारत बनाम ओमान मुकाबला, खर्च होगी छोटी सी रकम
T20I क्रिकेट में टॉप पर पहुंचे UAE के कप्तान, खास मामले में सभी बल्लेबाजों को पछाड़ा