1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 38 साल के पाकिस्तानी गेंदबाज ने टेस्ट डेब्यू पर रचा नया इतिहास, 92 साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त

38 साल के पाकिस्तानी गेंदबाज ने टेस्ट डेब्यू पर रचा नया इतिहास, 92 साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Oct 22, 2025 12:26 pm IST,  Updated : Oct 22, 2025 12:28 pm IST

पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में 38 साल के स्पिनर ने बहुत बड़ा कीर्तिमान ध्वस्त कर दिया है। रावलपिंडी टेस्ट के तीसरे दिन यह कारनामा देखने को मिला।

Pakistan- India TV Hindi
पाकिस्तान Image Source : AP

Asif Afridi 5 wicket Haul on Test Debut: पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच रावलपिंडी में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन नया इतिहास बन गया। पाकिस्तान के स्पिनर आसिफ अफरीदी ने अपने डेब्यू टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके और 92 साल पुराना कीर्तिमान ध्वस्त कर दिया। दरअसल, 38 साल के अफरीदी अब टेस्ट डेब्यू पर पांच विकेट लेने वाले दुनिया के सबसे उम्रदराज गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के चार्ल्स मैरियट के नाम था, जिन्होंने साल 1933 में 37 साल 332 दिन की उम्र में डेब्यू मैच में 5 विकेट लिए थे। वहीं, अफरीदी ने 38 साल 301 दिन की उम्र में यह बड़ा कारनामा कर दिया।

पहले ही टेस्ट में रचा इतिहास

आसिफ अफरीदी लंबे समय से पाकिस्तान की घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन राष्ट्रीय टीम में जगह पाने में उन्हें वक्त लगा। आखिरकार, उन्हें रावलपिंडी टेस्ट में मौका मिला और उन्होंने इसे पूरी तरह भुनाते नया कीर्तिमान रच दिया। धीमी पिच पर अफरीदी ने अपनी स्पिन और विविधता से साउथ अफ्रीका के बल्लेबाजों को खासा परेशान किया। उन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से दूसरे दिन 2 विकेट लिए और फिर तीसरे दिन 3 और अहम विकेट चटकाकर 5 विकेट हॉल लेने का कारनामा करते हुए पाकिस्तान को मैच में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ नाम

टेस्ट डेब्यू पर 5 विकेट लेने की इस उपलब्धि के साथ आसिफ अफरीदी का नाम टेस्ट क्रिकेट इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया है। वे अब टेस्ट क्रिकेट में 5 विकेट लेने वाले पाकिस्तान के दूसरे सबसे उम्रदराज गेंदबाज बन गए हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर नोमान अली हैं। नोमान 39 साल और 5 दिन के थे जब उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज के लाहौर टेस्ट की पहली पारी में 112 रन देकर 6 विकेट झटके थे। पाकिस्तान ने लाहौर टेस्ट 93 रनों से अपने नाम किया था।

टेस्ट मैच की एक पारी में 5 विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज पाकिस्तानी गेंदबाज 

  • नोमान अली -  39 साल और 5 दिन  (2025)
  • आसिफ अफरीदी - 38 साल 301 दिन (2025)
  • मोहम्मद नजीर - 37 साल 211 दिन (1983)

यह भी पढ़ें

आखिरी ओवर में हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा, सुपर-ओवर में पहुंचा मैच, जैसे-तैसे वेस्टइंडीज को मिली जीत

लगता है अब अंजाम भुगत कर ही मानेंगे मोहसिन नकवी! BCCI के मेल पर दिया ऐसा जवाब

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल