World Test Championship 2023-25: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के नए चैंपियन का ऐलान हो गया। ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर साउथ अफ्रीका ने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर WTC का खिताब जीत लिया है। साउथ अफ्रीका WTC खिताब जीतने वाली सिर्फ तीसरी टीम है। इससे पहले न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया ने यह कारनामा किया था। साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 282 रनों का बड़ा लक्ष्य मिला था, जो उसने चौथे दिन पहले ही सेशन में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस तरह ऑस्ट्रेलिया को ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहली बार हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर WTC 2023 का खिताब अपने नाम किया था।
ऑस्ट्रेलिया की टीम को जहां पहली बार ICC WTC के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के तीन खिलाड़ियों को पहली बार ICC टूर्नामेंट के फाइनल में शिकस्त झेलनी पड़ी है। ये तीनों खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि ऑस्ट्रेलिया की पेस तिकड़ी यानी जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस को पहली बार ICC फाइनल में हार का स्वाद चखना पड़ा है। इससे पहले इन तीनों खिलाड़ियों ने जितने भी ICC फाइनल खेले थे, उन सभी में जीत मिली थी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि क्यों ऑस्ट्रेलिया को ICC टूर्नामेंट की सबसे मजबूत टीम माना जाता है।
ऑस्ट्रेलिया को 10 साल बाद मिली हार
WTC फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराने के साथ ही साउथ अफ्रीका ने अपने माथे से चोकर्स का दाग मिटाते हुए 27 साल बाद ICC खिताब अपने नाम कर लिया। साउथ अफ्रीकी यह दूसरी ICC ट्रॉफी है। दूसरी तरफ, ऑस्ट्रेलिया को ICC फाइनल में सिर्फ चौथी बार हार का मुंह देखना पड़ा है। इससे पहले वेस्टइंडीज, श्रीलंका और इंग्लैंड की टीम ही ऑस्ट्रेलिया को ICC फाइनल में हरा पाई थी। अब इस लिस्ट में साउथ अफ्रीका का नाम भी जुड़ गया है। बता दें, ICC टूर्नामेंट के फाइनल में 10 साल बाद ऑस्ट्रेलिया को पहली हार मिली है।
ICC फाइनल में कब-कब मिली ऑस्ट्रेलिया को हार
- बनाम वेस्टइंडीज (वर्ल्ड कप 1975)
- बनाम श्रीलंका (वर्ल्ड कप 1996)
- बनाम इंग्लैंड (T20WC 2010)
- बनाम साउथ अफ्रीका (WTC 2025)*