भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा मैच वेलिंग्टन में खेला जा रहा है। मैच में पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने 198 रन बनाए हैं। भारत के सामने जीत के लिए 199 रनों का लक्ष्य है। भारतीय टीम अगर ये मैच जीत जाती है तो लगातार तीन मैच जीतकर सीरीज भी अपने नाम कर लेगी। इस मैच का लाइव स्कोर और हिन्दी में पूरी कमेंट्री आप यहां देख सकते हैं। साथ ही सारे अहम अपडेट भी आपको यहां मिलते रहेंगे।
डेरिल मिचेल ने खेली जबरदस्त पारी
न्यूजीलैंड के लिए डेरिल मिचेल ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 52 बॉल का सामना कर 89 रन बनाए। इसमें पांच चौके और पांच छक्के आए। सलामी बल्लेबाजी टिम सिफर्ट जल्दी आउट हो गए थे, वे दो ही रन बना सके। फिन ऐलन ने केवल 25 बॉल पर 40 रन ठोक दिए। उन्होंने चौका तो एक भी नहीं लगाया, लेकिन पांच छक्के लगा दिए। बेवन जैकब्स ने आखिर में आकर केवल 23 बॉल पर 39 रनों की अच्छी पारी खेली। उनके बल्ले से चार चौके और एक छक्का आया।
भारत के तीन ही गेंदबाजों को मिला विकेट
भारत के तीन ही गेंदबाज विकेट लेने में कामयाब हो पाए। अर्शदीप सिंह ने चार ओवर में 33 रन देकर एक विकेट लिया। अक्षर पटेल को चार ओवर में 36 रन देकर एक सफलता मिली, वहीं नितीश कुमार रेड्डी ने 4 ओवर में 38 रन देकर एक विकेट चटकाया। भुवनेश्वर कुमार ने चार ओवर में 40 रन दिए, लेकिन कोई विकेट नहीं मिला। प्रिंस यादव ने चार ओवर में 44 रन दिए, उन्हें भी कोई विकेट नहीं मिला।
टीम इंडिया आज ही सीरीज पर करना चाहेगी कब्जा
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम आज न्यूजीलैंड से तीसरे टी20 में भिड़ रही है। अब तक जो दो मैच हुए हैं, उसमें भले ही टीम इंडिया ने जीत दर्ज की हो, लेकिन ये नहीं भूलना चाहिए कि न्यूजीलैंड ने बराबरी की टक्कर दी है। आज का मैच इसलिए अहम है, क्योंकि भारत ने इसे जीत तो सीरीज अपने नाम हो जाएगी। लेकिन न्यूजीलैंड की टीम इसमें खलल डालने की कोशिश जरूर करेगी।
वेलिंग्टन में तेज हवा और बूंदाबांदी की संभावना
आज का मैच वेलिंग्टन में है। वहां के मौसम की बात करें तो मैच के दौरान तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, साथ ही बीच बीच में बूंदाबांदी भी हो सकती है। लेकिन मैच नहीं हो पाएगा, फिलहाल ऐसा नहीं माना जाना चाहिए। पहले दोनों मैच काफी रोमांचक हुए हैं, ऐसा ही कुछ आज भी होगा।