1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत का जीता हुआ मैच हो गया ड्रॉ, आखिरी विकेट के लिए तरसती रही टीम, रोशनी ने भी बिगाड़ा खेल

भारत का जीता हुआ मैच हो गया ड्रॉ, आखिरी विकेट के लिए तरसती रही टीम, रोशनी ने भी बिगाड़ा खेल

 Written By: Pankaj Mishra
 Published : Oct 27, 2026 12:45 pm IST,  Updated : Oct 27, 2026 12:57 pm IST

भारत ए बनाम न्यूजीलैंड ए मैच बराबरी पर खत्म हो गया है। भारतीय टीम जीत के करीब थी, न्यूजीलैंड ए के 9 विकेट गिर ​गए थे, लेकिन तभी अचानक खराब रोशनी के कारण अंपायर ने मैच रोक दिया और कुछ देर बाद इसे ड्रॉ घोषित कर दिया।

Devdutt Padikkal- India TV Hindi
देवदत्त पडिक्कल Image Source : AP

भारतीय टीम जीत के बेहद करीब थी। गेंदबाजों ने 9 विकेट भी चटका दिए थे और लगा रहा था कि जीत अब आने ही वाली है, तभी मौसम ने खेल खराब कर दिया और टीम को करीब करीब जीते हुए मैच को ड्रॉ के लिए मजबूर होना पड़ा। लेकिन इतना जरूर है कि भारतीय प्लेयर्स ने जिस तरह से वापसी की, उसकी तारीफ की जानी चाहिए। जब मैच ड्रॉ हुआ, तब न्यूजीलैंड ए को जीत के लिए 126 रन बनाने थे और उसके 9 विकेट गिर चुके थे। 

खराब रोशनी के कारण आखिरी दिन नहीं हो पाया पूरे दिन का खेल

इस वक्त भारत एक और न्यूजीलैंड ए के बीच तीन अनाधिकारिक टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज का पहला मैच ड्रॉ यानी बराबरी पर समाप्त हो गया है। हालांकि अगर मैच कुछ और देर चल जाता तो भारतीय टीम इस मैच को अपने नाम कर सकती थी, लेकिन खराब रोशनी के चक्कर में इसे पहले ही रोक दिया गया और समय समाप्त हो गया। 

पहली पारी में केवल 113 रन ही बना सकी थी भारतीय टीम

भारत बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय प्लेयर्स न्यूजीलैंड पहुंच चुके हैं। भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच तीन मैचों की सीरीज चल रही है, जो कि अनाधिकारिक है, लेकिन टीम इंडिया के प्लेयर्स को इससे अपनी तैयारी का मौका जरूर मिला है। मैच की पहली पारी में जब भारतीय टीम केवल 113 रन पर आउट हो गई तो लगा कि मैच हाथ से निकल जाएगा। इसके बाद न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 317 रन बनाकर लीड हासिल कर ली। 

दूसरी पारी में भारत की वापसी, देवदत्त पडिक्कल ने खेली 199 रनों की पारी

इसके बाद भारत ने मैच की दूसरी पारी में शानदार वापसी की और 516 रनों का बड़ा स्कोर बना दिया। इस दौरान देवदत्त पडिक्कल ने 199 रनों की जबरदस्त पारी खेली, वहीं साई सुदर्शन ने भी 91 रन बनाए। यश राठौर ने 66 और वॉशिंगटन सुंदर ने 52 रनों की पारी खेली। इसके बाद न्यूजीलैंड ए के सामने आखिरी पारी में बड़ा स्कोर चेज करने के लिए सामने था। 

न्यूजीलैंड ए के गिर गए थे 9 विकेट, फिर अंपायर ने रोक दिया खेल

मुकाबले के आखिरी दिन जब मैच समाप्त होने की घोषणा की गई, तब तक न्यूजीलैंड ने अपने 9 विकेट खोकर 187 रन बना लिए थे। तब न्यूजीलैंड को 126 रन जीत के लिए बनाने थे और भारत को केवल एक ही विकेट की दरकार थी। वैसे उस वक्त तक करीब 15 ओवर किए जा सकते थे, लेकिन अंपायर को मैच होने लायक रोशन नहीं दिखी। इसके बाद मैच को रोक दिया गया। उम्मीद की जा रही थी कि जब रोशन ठीक होगी तो मैच फिर से शुरू होगा, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया और मैच को आखिर में ड्रॉ घोषित कर दिया गया। इस तरह से भारत का करीब करीब जीता हुआ मैच बराबरी पर समाप्त हो गया। 

यह भी पढ़ें 

फ्री में कैसे लाइव देखें आज भारत बनाम न्यूजीलैंड तीसरा टी20 मैच, ये है सबसे आसान तरीका

आज कितने बजे शुरू होगा भारत बनाम न्यूजीलैंड तीसरा टी20 मुकाबला, मैच का सही वक्त नोट कर लीजिए

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।