1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 90 के दशक की यादें ताजा कर रहा सनी देओल की 'सूर्या' का 'सुनियो जरा', उदित नारायण और कुमार सानू की जोड़ी ने बांधा समा

90 के दशक की यादें ताजा कर रहा सनी देओल की 'सूर्या' का 'सुनियो जरा', उदित नारायण और कुमार सानू की जोड़ी ने बांधा समा

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Oct 27, 2026 01:42 pm IST,  Updated : Oct 27, 2026 01:42 pm IST

सनी देओल की फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' का गाना 'सुनियो जरा' रिलीज हो गया है। उदित नारायण, कुमार सानू और अनुपम अमोद की आवाज से सजा यह ट्रैक दोस्ती और यादों को दर्शाता है।

suniyo zara- India TV Hindi
रवि किशन और सनी देओल। Image Source : SUNNY DEOL INSTAGRAM

बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की आगामी फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ रही है। फिल्म के मेकर्स ने मंगलवार सुबह इसका नया गाना 'सुनियो जरा' रिलीज कर दिया है। इस गाने की खास बात यह है कि इसे हिंदी संगीत जगत के दिग्गज गायक उदित नारायण और कुमार सानू ने अपनी आवाज दी है। उनके साथ अनुपम अमोद भी इस म्यूजिकल कोलैबोरेशन का हिस्सा हैं। दोस्ती और पुराने रिश्तों की गर्माहट को समर्पित यह गाना सुनने वालों को भावुक करने के साथ-साथ पुरानी यादों में ले जाने की कोशिश करता है।

दोस्ती और यादों के रंग में रंगा 'सुनियो जरा'

'सुनियो जरा' एक दोस्ती पर आधारित गाना है, जिसके वीडियो में सनी देओल और रवि किशन एक खूबसूरत सड़क यात्रा पर निकलते दिखाई देते हैं। इस सफर के दौरान दोनों के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक, साथ बिताए पलों और जिंदगी से जुड़ी बातों की झलक देखने को मिलती है। गाने में दोनों किरदारों के बीच सहजता और अपनापन दिखाया गया है, जो लंबे समय से चली आ रही दोस्ती की खूबसूरती को सामने लाता है। वीडियो का माहौल सुकूनभरा है। यात्रा के दौरान दोस्तों के बीच होने वाली बातचीत और साझा यादें कहानी में भावनात्मक जुड़ाव पैदा करती हैं। गाने का मकसद सिर्फ मनोरंजन करना नहीं, बल्कि उन रिश्तों की अहमियत को भी दिखाना है, जो समय के साथ और मजबूत होते जाते हैं। फिल्म की कहानी में यह ट्रैक दोस्ती और साथ निभाने की भावना को एक नया आयाम देता नजर आता है।

सालों बाद साथ गाने पर क्या बोले उदित नारायण?

गाने को लेकर उदित नारायण ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इतने सालों बाद कुमार सानू के साथ फिर से गाना उनके लिए अपने करियर के एक खूबसूरत दौर को दोबारा जीने जैसा अनुभव रहा। अनुपम अमोद के जुड़ने से इस सहयोग में नई ऊर्जा भी आई, जबकि पुराने दिनों जैसा अपनापन बरकरार रहा। उदित को उम्मीद है कि श्रोता गाने के हर सुर में इस रिश्ते और जुड़ाव को महसूस कर पाएंगे। वहीं कुमार सानू ने इस गाने को संगीत से आगे बढ़कर दोस्ती, यादों और एक साथ आने की खुशी से जुड़ा बताया। उनके मुताबिक इस तरह के गाने की खासियत यह है कि वे भावनाओं से जुड़ते हैं और लंबे समय तक लोगों के दिलों में जगह बनाए रख सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को यह गाना पसंद आएगा।

अनुपम अमोद ने भी जताई खुशी

इस गाने में अपनी आवाज देने वाले अनुपम अमोद ने उदित नारायण और कुमार सानू जैसे वरिष्ठ गायकों के साथ काम करने को सम्मान की बात बताया। उन्होंने कहा कि 'सुनियो जरा' में साथ, सफर और भावनाओं का खूबसूरत मेल है। ऐसे अर्थपूर्ण गाने का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है।

20 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगी 'सूर्या'

'सूर्या: अंत से आरंभ तक' को कमल मुकुट प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट और लोकेश मुकुट ने किया है, जबकि निर्देशन एम पद्मकुमार ने संभाला है। फिल्म में सनी देओल के साथ रवि किशन भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। 

ये भी पढ़ें:  रणबीर कपूर की 'रामायण' में शत्रुघ्न बने नितीश शर्मा, तीखे नैन-नक्श देख फैंस को याद आए कार्तिक आर्यन, होने लगी तुलना            

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।