बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 17 जून से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घर पर खेली जाने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। अभी बांग्लादेश की टीम घर पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है जिसके खत्म होने के बाद टी20 सीरीज का आगाज होगा। बीसीबी की तरफ से घोषित किए गए टी20 सीरीज के स्क्वाड को लेकर बात की जाए तो उसमें तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद और नाहिद राणा की वापसी हुई है। दोनों ही खिलाड़ी का पिछली कुछ वनडे और टेस्ट सीरीज में गेंद से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, जिसमें नाहिद राणा ने अपनी गति से सभी को चौंकाया है।
तस्कीन और नाहिद दोनों ने पिछले साल खेला था आखिरी टी20 मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए बांग्लादेश के स्क्वाड को देखा जाए तो बीसीबी ने पिछली सीरीज के मुकाबले जो उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ अप्रैल के महीने में खेली थी, उससे मोहम्मद सैफुद्दीन और रिपोन मोंडाल को बाहर किया है और उनकी जगह पर तस्कीन और नाहिद को जगह मिली है। तस्कीन अहमद ने अपना पिछला टी20 मुकाबला साल 2025 अक्टूबर महीने में खेला था, जिसके बाद अब वह वापसी करेंगे। वहीं नाहिद राणा ने अभी तक अपने टी20 इंटरनेशनल करियर में सिर्फ एक मुकाबला खेला है जो पिछले साल मई महीने में उन्हें यूएई में खेलने को मिला था। बांग्लादेश को इस सीरीज का पहला मैच 17 तो वहीं दूसरा और तीसरा मुकाबला 19 और 21 जून को खेलना है, जिसमें तीनों ही मुकाबले चट्टोग्राम के स्टेडियम में खेले जाएंगे।
टी20 सीरीज के लिए बांग्लादेश का स्क्वाड
लिटन दास (कप्तान, विकेटकीपर), परवेज हुसैन, तंजीद हसन, सैफ हसन, शमीम हुसैन, तौहीद हृदॉय, नुरुल हसन, महेदी हसन, नसुम अहमद, रिशाद हुसैन, शोरफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान, तस्कीन अहमद, नाहिद राणा, अब्दुल गफ्फार सकलैन।
जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए भी हुआ बांग्लादेश स्क्वाड का ऐलान
टी20 सीरीज के खत्म होने के बाद बांग्लादेश की टीम को जिम्बाब्वे के दौरे पर रवाना होना है, जहां उन्हें मेजबान टीम के खिलाफ एक टेस्ट मैच के अलावा तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने टेस्ट मुकाबले के लिए स्क्वाड का ऐलान कर दिया है, जिसमें उन्होंने अपने प्रमुख खिलाड़ी मेहदी हसन मिराज, शोरिफुल इस्लाम, तस्कीन अहमद और नाहिद राणा को आराम देने का फैसला लिया है। बांग्लादेश इस दौरे के लिए 23 जून को रवाना होगी जिसमें उसे 28 जून से हरारे के मैदान पर टेस्ट मुकाबला खेलना है।
टेस्ट मुकाबले के लिए बांग्लादेश का स्क्वाड
नजमुल हुसैन शांतो (कप्तान), शादमान इस्लाम, महमुदुल हसन जॉय, तंजीद हसन, मोमिनुल हक, मुश्फिकुर रहीम, लिटन दास (विकेटकीपर), ताइजुल इस्लाम, नईम हसन, खालिद अहमद, एबादोत हुसैन, हसन महमूद, तौहीद हृदोय, अमित हसन, रोबिउल हक।
ये भी पढ़ें
ODI World Cup 2027: कब से कब तक खेला जाएगा आईसीसी विश्व कप, हो गया तारीखों का खुलासा