1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वॉर्म-अप मैच में खुल गई बांग्लादेश की पोल, 54 रनों पर सिमटी पूरी टीम, मिली करारी हार

वॉर्म-अप मैच में खुल गई बांग्लादेश की पोल, 54 रनों पर सिमटी पूरी टीम, मिली करारी हार

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Aug 08, 2026 10:33 am IST,  Updated : Aug 08, 2026 10:34 am IST

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच में बांग्लादेशी क्रिकेट टीम को एक पारी और 38 रनों से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले की दूसरी पारी में बांग्लादेश की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह ढह गई और पूरी टीम सिर्फ 54 रनों पर सिमट गई।

Cricket Australia- India TV Hindi
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया XI की टीम Image Source : X@CA

बांग्लादेश की टीम इन दिनों दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। टेस्ट सीरीज के शुरू होने से पहले ही बांग्लादेशी टीम की खराब बैटिंग की पोल खुल गई और उनको एक करारी हार का सामना करना पड़ा है। डार्विन में खेले गए वॉर्म-अप मैच में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया XI ने बांग्लादेश को पारी और 38 रनों से हरा दिया है। इस मुकाबले की दूसरी पारी में बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए और पूरी टीम सिर्फ 54 रनों पर ऑलआउट हो गई। इसी वजह से बांग्लादेशी टीम को एक बड़ी हार का सामना करना पड़ा है।

मेहदी हसन मिराज ने बांग्लादेश के लिए पहली पारी में लगाया था शतक

इस मैच की पहली पारी में मेहदी हसन मिराज के नाबाद शतक की बदौलत बांग्लादेश ने 263 रन बनाए थे। जवाब में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया XI की टीम ने तेग वायली के 130 रनों के शानदार शतक के दम पर पहली पारी में 355 रन बनाकर 92 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। इस बढ़त के दबाव में जब बांग्लादेशी टीम अपनी दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने आई, तब उनके बल्लेबाज शुरुआत से ही नर्वस दिखे। इस दौरान कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिक कर बड़ी पारी नहीं खेल पाया।

22 ओवर में ही सिमट गई बांग्लादेश की पारी

दूसरी पारी में बांग्लादेश के खराब बल्लेबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन के अलावा कोई भी खिलाड़ी 10 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका। लगातार विकेट गिरने के कारण पूरी बांग्लादेशी टीम 22 ओवर में महज 54 रनों पर ही सिमट गई। इस पारी में तंजीद हसन ने सबसे ज्यादा 22 रन बनाए। बांग्लादेशी टीम को जल्दी आउट करने में 22 साल के युवा गेंदबाज कैम्पबेल थॉम्पसन ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने बांग्लादेश के बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

थॉम्पसन और रोचिचिओली ने गेंदबाजी में किया कमाल

दूसरी पारी में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया XI की गेंदबाजी की बात करें तो वहां थॉम्पसन ने 11 ओवर में 25 रन खर्च करते हुए 8 खिलाड़ियों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इस दौरान उन्होंने दो मेडन ओवर डाले। रोचिचिओली के खाते में बाकी के दो विकेट आए। उन्होंने 4 ओवर में 6 रन खर्च किए। इससे पहले उन्होंने पहली पारी में 6 विकेट हासिल किए थे। आपको बता दें कि इन दोनों में किसी ने भी अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है। बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का आगाज 13 अगस्त से होगा।

यह भी पढ़ें

राशिद खान ने 6 विकेट हॉल लेकर ट्रेंट बोल्ट और चामिंडा वास को छोड़ा पीछे, आयरलैंड को मिली बड़ी हार

पाकिस्तान सीरीज से पहले इंग्लैंड को लगा बड़ा झटका, सलामी बल्लेबाज हो सकता है बाहर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल