बांग्लादेश ने 9 जून को ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए तीन मैचों की सीरीज के पहले वनडे मैच में मौजूदा वनडे वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर एक बड़ा उलटफेर कर दिया। इस मैच में बांग्लादेशी टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। बारिश के कारण इस मुकाबले को बीच में रोकना पड़ा, जिसके बाद डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम के तहत बांग्लादेश को 86 रनों से एक बड़ी जीत मिल गई। 2005 के बाद बांग्लादेश ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया को वनडे में हराया है। वहीं 36 साल के इतिहास में यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बांग्लादेश की दूसरी जीत है। इस जीत के साथ ही बांग्लादेश अब इस सीरीज में 1-0 से आगे हो गया है।
कमबैक मैच में मोसादैक हुसैन ने किया शानदार प्रदर्शन
इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बांग्लादेश को बल्लेबाजी के लिए कहा। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश को अच्छा स्टार्ट नहीं मिला। सलामी बल्लेबाज सैफ हसन सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद दूसरे विकेट लिए तंजीद हसन और नजमुल हसन शांतो के बीच दूसरे विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी हुई। दोनों ही बल्लेबाज अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे। तंजीद ने 54 रन बनाए वहीं नजमुल हसन शान्तो 67 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लंबे समय के बाद टीम में वापसी कर रहे मोसादैक हुसैन ने 70 बॉल पर 86 रन बनाए, इस पारी में उन्होंने 7 चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं तौहीद हृदोय ने 31 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से बॉलिंग में नाथन एलिस ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए।
कैमरून ग्रीन ने लगाया अर्धशतक, नाहिद राणा ने झटके 4 विकेट
टारगेट का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। मैथ्यू शॉर्ट गोल्डन डक पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। वहीं दूसरे सलामी बल्लेबाज कूपर कोनोली ने 50 बॉल पर 35 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज कैमरून ग्रीन रहे। वह 66 बॉल पर 54 रन बनाकर नाबाद रहे, अपनी इस पारी में उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया। वहीं एलेक्स कैरी ने 62 गेंद में 47 रन की पारी खेली। इसके अलावा कोई भी कंगारू बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर पाया। बांग्लादेश के लिए नाहिद राणा सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने अपने 10 ओवर में 41 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए।
यह भी पढ़ें
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले टीम इंडिया का स्क्वाड अचानक बदला, बीसीसीआई ने लिया बड़ा फैसला
ऑस्ट्रेलिया के ओपनर्स के नाम हुआ अनचाहा हैट्रिक, शर्मनाक लिस्ट में अब सिर्फ पापुआ न्यू गिनी से पीछे