1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एशियन गेम्स से पहले बांग्लादेश को लगा बड़ा झटका, नाहिद राणा हुए टूर्नामेंट से बाहर

एशियन गेम्स से पहले बांग्लादेश को लगा बड़ा झटका, नाहिद राणा हुए टूर्नामेंट से बाहर

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 01, 2026 09:22 am IST,  Updated : Sep 01, 2026 09:22 am IST

एशियन गेम्स 2026 से पहले बांग्लादेश क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लगा है। स्टार तेज गेंदबाज नाहिद राणा चोट की वजह से इस पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।

Nahid Rana- India TV Hindi
नाहिद राणा Image Source : AP

जापान की मेजबानी में 19 सितंबर से एशियन गेम्स की शुरुआत हो रही है। इस टूर्नामेंट में इस बार क्रिकेट के मुकाबले भी खेले जाएंगे जिसके लिए हाल ही में शेड्यूल का ऐलान किया गया था। इस टूर्नामेंट से पहले बांग्लादेश क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार तेज गेंदबाज नाहिद राणा चोट की वजह से इस टूर्नामेंट में नहीं खेलेंगे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अधिकारियों ने सोमवार (31 अगस्त) को साफ किया कि वे आने वाले एशियन गेम्स के लिए तेज गेंदबाज नाहिद राणा के नाम पर विचार नहीं कर रहे हैं।

अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में वापसी कर सकते हैं नाहिद

नाहिद हाल ही में साइड स्ट्रेन की चोट से उबरे हैं और उन्होंने छह हफ्ते के लंबे ब्रेक के बाद नेट में दोबारा गेंदबाजी शुरू की है। बोर्ड उनके साथ कोई जल्दबाजी या जोखिम नहीं उठाना चाहता, इसलिए उन्हें एशियन गेम्स से आराम देकर अक्टूबर में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली सीरीज के जरिए मैदान पर वापसी कराने की तैयारी की जा रही है। इस इंजरी की वजह से वह हाल ही में खेले गए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से भी बाहर रहे थे। आपको बता दें कि वह जिम्बाब्वे दौरे पर चोटिल हुए थे।

हबीबुल बशर ने नाहिद राणा को लेकर दिया बड़ा बयान

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के चीफ सेलेक्टर हबीबुल बशर ने साफ किया है कि तेज गेंदबाज नाहिद राणा आगामी एशियन गेम्स में नहीं खेलेंगे, क्योंकि वह अभी अपनी रिहैबिलिटेशन के दौर से गुजर रहे हैं। बोर्ड उनके साथ कोई जल्दबाजी या जोखिम नहीं उठाना चाहता। हबीबुल ने बताया कि नाहिद पूरी तरह फिट होने के बाद अक्टूबर में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली सीरीज से मैदान पर वापसी करेंगे। हालांकि, वह उस सीरीज में टेस्ट मैच खेलेंगे या वनडे, यह बाद में तय होगा, लेकिन एशियन गेम्स में उनके न खेलने की बात पूरी तरह पक्की है।

24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक खेले जाएंगे मेंस क्रिकेट के मुकाबले

एशियन गेम्स में मेंस क्रिकेट टूर्नामेंट 24 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच खेला जाएगा, जिसमें कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। 23 जुलाई 2026 की T20 रैंकिंग के हिसाब से टीमों की रैंकिंग तय कर दी गई है। टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक, निचली रैंकिंग वाली 6 टीमों को पहले आपस में ग्रुप स्टेज के मैच खेलकर नॉकआउट दौर में जगह बनानी होगी। वहीं भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी टॉप 4 टीमों को अपनी बेहतरीन आईसीसी रैंकिंग का फायदा मिला है और उन्हें सीधे क्वार्टरफाइनल में जगह मिल गई है। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपना क्वार्टरफाइनल मुकाबला 28 सितंबर को खेलेगी।

यह भी पढ़ें

ट्राई सीरीज में हुआ सांसे रोक देने वाला मुकाबला, जिम्बाब्वे ने नामीबिया को आखिरी ओवर में हराया

इंडिया सीरीज के लिए हुआ ऑस्ट्रेलिया A टीम का ऐलान, भारतीय मूल के 2 खिलाड़ियों को मिली जगह

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल