1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ट्राई सीरीज में हुआ सांसें रोक देने वाला मुकाबला, जिम्बाब्वे ने नामीबिया को आखिरी ओवर में हराया

ट्राई सीरीज में हुआ सांसें रोक देने वाला मुकाबला, जिम्बाब्वे ने नामीबिया को आखिरी ओवर में हराया

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 01, 2026 07:38 am IST,  Updated : Sep 01, 2026 10:23 am IST

जिम्बाब्वे के खिलाफ 195 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया ने 19 ओवरों में 180 रन बना लिए थे। जीत के लिए आखिरी ओवर में 16 रनों की जरूरत थी और 4 विकेट बचे हुए थे, लेकिन ब्रैड इवांस ने शानदार गेंदबाजी से बाजी पलट दी।

Zimbabwe Cricket Team- India TV Hindi
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम Image Source : AFP

विंडहोक में खेले गए ट्राई-सीरीज के एक रोमांचक मुकाबले में जिम्बाब्वे ने नामीबिया को 5 रन से हरा दिया। मैच में एक वक्त ऐसा था जब जिम्बाब्वे की स्थिति बहुत खराब थी और उसके 6 विकेट सिर्फ 101 रन पर गिर चुके थे, लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम ने 195 रन बनाए। इसके बाद 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की शुरुआत भी बेहद खराब रही। टीम एक वक्त तक 76 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी। यहां से जेन ग्रीन और अलेक्जेंडर वोल्शेंक ने सातवें विकेट के लिए महज 49 गेंदों में 109 रनों की साझेदारी करके वापसी की। लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। इससे पहले नामीबिया ने इस ट्राई सीरीज के पहले मैच में साउथ अफ्रीका को हराया था।

रेयान बर्ल ने लगाया अर्धशतक

विंडहोक के नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर जिम्बाब्वे ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 195 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत अच्छी रही और ओपनिंग जोड़ी ब्रायन बेनेट और बेन करन ने मिलकर 36 गेंदों में 64 रन जोड़ दिए। बेनेट 21 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद अचानक जिम्बाब्वे के विकेट तेजी से गिरने लगे और 9.4 ओवर तक महज 79 रन पर आधी टीम पवेलियन लौट गई।

इसके बाद रेयान बर्ल ने ताड़ीवानाशे मारुमानी (18 रन) के साथ छठे विकेट के लिए 22 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की। मारुमानी के आउट होने के बाद बर्ल को ब्रैड इवांस का शानदार साथ मिला और दोनों ने सातवें विकेट के लिए सिर्फ 48 गेंदों में 94 रनों की आक्रामक साझेदारी कर डाली। बर्ल ने 32 गेंदों में 7 चौके और 1 छक्के के दम पर 57 रन बनाए, वहीं इवांस ने 25 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 37 रनों का योगदान दिया। नामीबिया की तरफ से कप्तान गेरहार्ड इरास्मस सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने 3 विकेट लिए।

अलेक्जेंडर वोल्शेंक और जेन ग्रीन के बीच हुई 109 रन की पार्टनरशिप

195 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया की टीम 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर 190 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। नामीबिया की शुरुआत काफी खराब रही और महज 28 रन के स्कोर पर ही उसके 2 विकेट गिर गए थे। इसके बाद निकोल लॉफ्टी-ईटन और जान फ्रीलिंक ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 27 गेंदों में 32 रन जोड़े और टीम का स्कोर 60 रन तक पहुंचाया। हालांकि, इस जोड़ी के आउट होते ही नामीबिया की पारी लड़खड़ा गई और देखते ही देखते 11.1 ओवर में सिर्फ 76 रन के स्कोर पर आधी से ज्यादा टीम पवेलियन लौट गई।

यहां से ऐसा लगा कि मैच पूरी तरह नामीबिया के हाथ से निकल चुका है, लेकिन अलेक्जेंडर वोल्शेंक और जेन ग्रीन ने बाजी पलट दी। दोनों ने सातवें विकेट के लिए सिर्फ 49 गेंदों में 109 रनों की तूफानी साझेदारी करके टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया था, लेकिन आखिरी ओवर में जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी करते हुए रोमांचक तरीके से मैच छीन लिया। जिम्बाब्वे के लिए ब्रैड इवांस ने 41 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि ब्रायन बेनेट को 2 विकेट मिले।

यह भी पढ़ें

बड़ी खबर! पाकिस्तान टीम में मचा हड़कंप, 7 खिलाड़ियों की छुट्टी, कोच सरफराज और उमर गुल को भी हटाया

ऑस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज के लिए किया स्क्वॉड का ऐलान, पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क की वापसी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल