1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया के बांग्लादेश टूर से तय होंगी अफगानिस्तान-भारत सीरीज की तारीखें, सितंबर में खेले जाने हैं मुकाबले

टीम इंडिया के बांग्लादेश टूर से तय होंगी अफगानिस्तान-भारत सीरीज की तारीखें, सितंबर में खेले जाने हैं मुकाबले

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jul 24, 2026 10:51 pm IST,  Updated : Jul 24, 2026 10:59 pm IST

भारत और अफगानिस्तान के बीच प्रस्तावित तीन मैचों की T20I सीरीज फिलहाल 13, 15 और 17 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाने की योजना है। हालांकि, इसकी तारीखें भारत के संभावित बांग्लादेश दौरे पर निर्भर करेंगी।

IND vs AFG- India TV Hindi
भारत बनाम अफगानिस्तान Image Source : AFP

भारत और अफगानिस्तान के बीच प्रस्तावित तीन मैचों की T20I सीरीज को लेकर तस्वीर लगभग साफ है, लेकिन इसकी तारीखों पर अब भी संशय बना हुआ है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी ACB ने अपने संबंधित पक्षों को स्पष्ट कर दिया है कि भारत के खिलाफ उसकी घरेलू T20 सीरीज तय शेड्यूल के अनुसार आयोजित की जाएगी। हालांकि, अगर भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा साफ हो जाता है तो इस सीरीज की तारीखों में बदलाव किया जा सकता है।

फिलहाल भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन T20I मैच 13, 15 और 17 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाने की योजना है। लेकिन यदि भारत सितंबर की शुरुआत में बांग्लादेश का दौरा करता है, तो अफगानिस्तान सीरीज कुछ दिनों के लिए आगे खिसक सकती है।

बांग्लादेश का दौरा कर सकती है टीम इंडिया

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, हाल के भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद भारत के बांग्लादेश दौरे को लेकर उम्मीदें फिर बढ़ी हैं। 24 जुलाई को यह खबर सामने आई कि भारत सरकार ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को सितंबर में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया है। इसके बाद क्रिकेट जगत में भी यह उम्मीद जगी है कि दोनों देशों के बीच प्रस्तावित 6 मैचों की व्हाइट-बॉल सीरीज आयोजित हो सकती है।

बताया जा रहा है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी BCB 1 से 13 सितंबर के बीच भारत की मेजबानी करना चाहता है। ऐसे में यदि यह दौरा तय होता है तो भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज की तारीखों में बदलाव लगभग तय माना जा रहा है। समय की कमी भी दोनों बोर्डों के सामने बड़ी चुनौती है। 24 सितंबर से एशियन गेम्स शुरू होने हैं, जबकि 27 सितंबर से वेस्टइंडीज की टीम भारत दौरे पर आने वाली है। ऐसे में सीरीज को ज्यादा समय तक टालना संभव नहीं होगा। अंतिम फैसला BCCI सरकार की सलाह के आधार पर करेगा।

ब्रॉडकास्टिंग राइट्स के लिए जबरदस्त टक्कर

इस सीरीज की एक और खास बात यह होगी कि भारत में होने के बावजूद इसके ब्रॉडकास्टिंग राइट्स भारत के घरेलू मुकाबलों की आधिकारिक ब्रॉडकास्टर कंपनी जियोस्टार के पास नहीं होंगे। चूंकि इस सीरीज की मेजबानी अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड कर रहा है, इसलिए इसके डिजिटल ब्रॉडकास्टिंग राइट्स फैनकोड के पास हैं, जबकि टीवी ब्रॉडकास्टिंग राइट्स के लिए जी, सोनी स्पोर्ट्स और अन्य ब्रॉडकास्टर्स के बीच प्रतिस्पर्धा हो सकती है।

गौरतलब है कि सुरक्षा कारणों से अफगानिस्तान लंबे समय से अपने घरेलू इंटरनेशनल मुकाबले अपने देश में नहीं खेल पाता है। शुरुआत में इस सीरीज के लिए UAE के शारजाह को संभावित मेजबान माना गया था, लेकिन बाद में दोनों बोर्ड इस बात पर सहमत हुए कि मुकाबले भारत में कराए जाएंगे। इस तरह क्रिकेट इतिहास में एक अनोखी स्थिति देखने को मिलेगी, जहां भारत अपने ही मैदान पर मेहमान होगा और अफगानिस्तान मेजबान की भूमिका निभाएगा।

यह भी पढ़ें:

क्या हो पाएगी भारत बनाम बांग्लादेश वनडे और टी20 सीरीज, अमीनुल हक को अभी भी उम्मीद

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल