बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी BCB ने देश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन के बाद 30 दिसंबर को खेले जाने वाले बांग्लादेश प्रीमियर लीग के दोनों मुकाबले रद्द करने का फैसला किया है। खालिदा जिया का निधन 30 दिसंबर की सुबह स्थानीय समयानुसार सुबह 6 बजे हुआ। यह बड़ी खबर सिलहट टाइटंस और चट्टोग्राम रॉयल्स के बीच मैच खेले जाने वाले मैच से कुछ घंटे पहले आई। यह मैच सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना था। दिन का दूसरा मुकाबला ढाका कैपिटल्स और रंगपुर राइडर्स के बीच निर्धारित था। अब ये दोनों मुकाबले रद्द कर दिए गए हैं।
BCB ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड देश में क्रिकेट की प्रगति के लिए बेगम खालिदा जिया के निरंतर आशीर्वाद और शुभकामनाओं को कृतज्ञता के साथ याद करता है। प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने बांग्लादेश में क्रिकेट के विकास के लिए उल्लेखनीय समर्थन दिया, जिससे क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार हुआ और खेल का विस्तार पूरे देश में हुआ। बोर्ड ने आगे कहा कि उनकी दूरदर्शिता और प्रोत्साहन ने बांग्लादेश क्रिकेट की आज की सफलता की नींव रखने में अहम भूमिका निभाई।
BCB ने राष्ट्रीय शोक को सम्मान देते हुए यह भी स्पष्ट किया कि देश में शोक की स्थिति और बेगम खालिदा जिया की विरासत के सम्मान में आज के सभी निर्धारित BPL मुकाबलों को रद्द किया जाता है। इन मैचों की नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।
गौरतलब है कि खालिदा जिया ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री के रूप में 1991 से 1996 और फिर 2001 से 2006 तक दो कार्यकाल पूरे किए। वह बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं। वह पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान की पत्नी थीं और साल 1984 से बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की अध्यक्ष और नेता रहीं। इस पार्टी की स्थापना जियाउर रहमान ने ही की थी।
BPL का 2025–26 सीजन 26 दिसंबर को शुरू हुआ था और अब तक 6 मुकाबले खेले जा चुके हैं। टूर्नामेंट शेड्यूल में पहले से कुछ ब्रेक शामिल हैं, ऐसे में इन मैचों के रद्द होने से शेड्यूल पर बड़ा असर पड़ने की संभावना नहीं है। टूर्नामेंट का फाइनल 23 जनवरी को खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें:
सर डॉन ब्रैडमैन की ऐतिहासिक बैगी ग्रीन कैप होगी नीलाम, भारत से है खास कनेक्शन
क्विंटन डी कॉक ने टी20 में किया बड़ा कारनामा, ऐसा करने वाले बने पहले खिलाड़ी
संपादक की पसंद