बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान सलमा खातून को महिला सिलेक्टर नियुक्त किया है। बांग्लादेश क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब किसी पूर्व महिला क्रिकेटर को सिलेक्टर बनाया है। सलमा महिला सिलेक्शन पैनल में सज्जाद अहमद के साथ काम करेंगी। यह फैसला महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप से ठीक पहले आया है, जिसके लिए बांग्लादेश अंतिम चरण की तैयारियों में जुटा हुआ है।
सलमा खातून बांग्लादेश की पहली महिला इंटरनेशनल कप्तान रही हैं। उन्होंने 65 T20 इंटरनेशनल और 18 ODI इंटरनेशनल में टीम की अगुवाई की। जब उन्होंने अपना आखिरी WT20I खेला था, तब वह बांग्लादेश की सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली महिला T20 खिलाड़ी थीं। उन्होंने कुल 95 T20I और 46 वनडे खेले हैं।
BCB ने फैसले को ऐतिहासिक बताया
सलमा साल 2014 और 2015 में ICC WT20I गेंदबाज रैंकिंग में नंबर-1 भी रही थीं। उन्होंने ऑफ स्पिन से 84 विकेट लिए, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन श्रीलंका के खिलाफ 6 रन देकर 4 विकेट रहा। BCB मीडिया समिति के चेयरमैन इफ्तेखार रहमान ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि हमारे अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम का यह क्रांतिकारी कदम है। सलमा जैसी शख्सियत को शामिल करना महिला क्रिकेट के लिए बड़ी मदद साबित होगा। बांग्लादेश में पहली बार ऐसा निर्णय लिया गया है।
हसीबुल हुसैन को मिला प्रमोशन
इसके साथ ही बोर्ड ने पूर्व तेज गेंदबाज हसीबुल हुसैन को मेन्स सीनियर सिलेक्शन समिति में पदोन्नत किया है। वह अब मुख्य चयनकर्ता गाजी अशरफ हुसैन और अब्दुर रज्जाक के साथ जुड़ेंगे। यह पद फरवरी में हन्नान सरकार के इस्तीफे के बाद खाली पड़ा था।
हसीबुल ने अपने करियर में 5 टेस्ट और 32 ODI खेले हैं। वह भारत के खिलाफ बांग्लादेश के पहले टेस्ट मैच (2000) का हिस्सा रहे थे। इसके अलावा 1997 में ICC ट्रॉफी फाइनल जीत में उनका अहम योगदान रहा था, जब बांग्लादेश ने लेग-बाय से ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। हसीबुल जुलाई 2016 से BCB में जूनियर सिलेक्टर के रूप में जुड़े हुए थे। उन्होंने 2020 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली बांग्लादेश टीम के साथ भी काम किया था।
यह भी पढ़ें:
भारत के खिलाफ मैच से पहले पाकिस्तानी टीम ने क्यों नहीं की प्रेस कॉन्फ्रेंस? PCB चीफ ने दिया ऐसा जवाब
बांग्लादेश ने रोमांचक मैच में श्रीलंका को हराया, आखिरी ओवर में आया मैच का नतीजा