बीसीसीआई ने घरेलू होम सीजन 2026-27 के लिए शेड्यूल का ऐलान कर दिया है। इस घरेलू सीजन के दौरान मेंस और वुमेंस क्रिकेट में अलग-अलग एज ग्रुप और फॉर्मेट में कुल 1788 मैच खेले जाएंगे। इस सीजन में मेंस क्रिकेट में सीनियर, U23, U19 और U16 कैटेगरी के टूर्नामेंट होंगे। इसके साथ ही वुमेंस टीम भी U23, U19 और U15 टूर्नामेंट्स खेलेगी। आगामी घरेलू सीजन की शुरुआत 23 अगस्त 2026 से दलीप ट्रॉफी के साथ होगी। दलीप ट्रॉफी का फाइनल 10 सितंबर से होगा।
कब से होगी रणजी ट्रॉफी की शुरुआत?
दलीप ट्रॉफी में 6 जोनल टीमें हिस्सा लेंगी। इसके बाद 1 अक्टूबर से ईरानी कप खेला जाएगा। वहीं इसका फाइनल 5 अक्टूबर को होगा। रणजी ट्रॉफी और कर्नल सी.के. नायडू ट्रॉफी इस बार भी दो चरण में खेले जाएंगे। इन दोनों टूर्नामेंट के दो चरण में खेले जाने से खिलाड़ियों को आराम करने के लिए पर्याप्त समय मिल पाएगा। रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप में 32 टीमों को चार ग्रुप में बांटा जाएगा, जबकि प्लेट ग्रुप में छह टीमें हिस्सा लेंगी। रणजी ट्रॉफी का पहला चरण 11 अक्टूबर से 5 नवंबर तक खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा चरण 17 जनवरी से शुरू होगा, जबकि नॉकआउट मुकाबले 9 फरवरी से 3 मार्च तक खेले जाएंगे।
14 नवंबर से होगा सैयद मुश्ताक ट्रॉफी का आगाज
रणजी ट्रॉफी के अलावा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी20 टूर्नामेंट की शुरुआत 14 नवंबर से होगी, इस टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबले 30 नवंबर से 6 दिसंबर तक खेले जाएंगे। इसके अलावा विजय हजारे ट्रॉफी की शुरुआत 14 दिसंबर से होगी और इसके नॉकआउट मुकाबले 2 जनवरी से 8 जनवरी तक खेले जाएंगे।
बीसीसीआई ने टी20 टूर्नामेंट पर भी किया है फोकस
आगामी घरेलू सीजन में कर्नल सी.के. नायडू ट्रॉफी के चैंपियन और रेस्ट ऑफ इंडिया के बीच होने वाला मुकाबला फिर से शुरू होने जा रहा है, जिसका आयोजन 1 से 4 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। अंडर-23 (U23) क्रिकेटरों को घरेलू स्तर पर बेहतर अवसर देने के उद्देश्य से इस मैच को दोबारा घरेलू कैलेंडर का हिस्सा बनाया गया है। इसके अलावा, बीसीसीआई का ध्यान टी20 क्रिकेट पर भी है, यही वजह है कि बोर्ड ने मेंस U23 स्टेट 'ए' ट्रॉफी और विजी ट्रॉफी को वनडे फॉर्मेट से बदलकर अब टी20 टूर्नामेंट कर दिया है।
यह भी पढ़ें: