इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स अब अपने करियर की नई पारी खेलने की तैयारी में हैं। मैदान पर अपनी आक्रामक कप्तानी और ऑलराउंड प्रदर्शन से पहचान बनाने वाले स्टोक्स ने खुलासा किया है कि वह भविष्य में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालना चाहते हैं। उनका कहना है कि खेल से उनका रिश्ता कभी खत्म नहीं होगा और कोचिंग के जरिए वह फिर से टीम का नेतृत्व करने का सपना देखते हैं।
इंग्लैंड का कोच बनने की जताई इच्छा
फॉर द लव ऑफ क्रिकेट पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान 35 साल के बेन स्टोक्स ने कहा कि वह अभी से लेवल-3 कोचिंग कोर्स कर रहे हैं ताकि क्रिकेट से संन्यास के बाद उनके पास कोचिंग की पूरी योग्यता हो। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि जब उनका खेलना पूरी तरह खत्म हो जाए, तब तक उनकी कोचिंग की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हों। उन्हें पता है कि भविष्य में वह क्या करना चाहते हैं और वह है कोच बनना। अगर कभी इंग्लैंड टीम का कोच बनने का मौका मिला तो मैं जरूर यह जिम्मेदारी निभाना चाहेंगे।
स्टोक्स ने यह भी कहा कि उन्हें मैदान से बाहर भी किसी लीडरशिप रोल में रहना पसंद है। उनके मुताबिक, टीम के साथ काम करना और खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करना उन्हें हमेशा आकर्षित करता रहा है। इस बातचीत के दौरान स्टोक्स ने इंग्लैंड की कप्तानी को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि उन्हें हैरानी हुई कि उनके बाद हैरी ब्रूक को टेस्ट टीम की कप्तानी नहीं सौंपी गई। साथ ही उन्होंने जो रूट को कप्तान बनाए जाने पर चिंता भी जताई। गौरतलब है कि पिछले एशेज दौरे में हैरी ब्रूक को टेस्ट टीम का उपकप्तान बनाया गया था, इसलिए माना जा रहा था कि वही अगला कप्तान बनेंगे। हालांकि, इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने अनुभवी बल्लेबाज जो रूट पर भरोसा जताया।
संन्यास से वापसी का कोई इरादा नहीं
स्टोक्स ने जून 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी। उनके संन्यास से पहले इंग्लैंड का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-1 से हार का सामना करना पड़ा, जबकि इससे पहले ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज भी 4-1 से गंवानी पड़ी थी। इंग्लैंड ने 2024 के आखिर के बाद से कोई भी टेस्ट सीरीज नहीं जीती है।
इस बीच स्टोक्स ने 2027 एशेज के लिए संन्यास से वापसी की अटकलों को भी पूरी तरह खारिज कर दिया। जब पूर्व साथी खिलाड़ी जोस बटलर ने उनसे पूछा कि क्या वह वास्तव में रिटायर हो चुके हैं, तो स्टोक्स ने साफ शब्दों में जवाब दिया, बिल्कुल,उनका ये फैसला अंतिम है। हालांकि, स्टोक्स अब खिलाड़ी के रूप में मैदान पर नजर नहीं आएंगे, लेकिन उनके बयान से साफ है कि वह भविष्य में ड्रेसिंग रूम में नई भूमिका निभाते हुए इंग्लैंड क्रिकेट को नई दिशा देने का सपना जरूर देखते हैं।
यह भी पढ़ें:
पाकिस्तानी खिलाड़ी ने ठोकी सेंचुरी, बाबर आजम भी कप्तान बनकर फॉर्म में आए
बुमराह से लेकर वॉशिंगटन तक, इंजरी से जूझ रहे कई अहम खिलाड़ी, टेंशन में टीम इंडिया