1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास, तीसरे टेस्ट के दौरान किया बड़ा ऐलान

बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास, तीसरे टेस्ट के दौरान किया बड़ा ऐलान

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 28, 2026 08:01 pm IST,  Updated : Jun 28, 2026 08:17 pm IST

इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उनकी कप्तानी में इंग्लैंड का प्रदर्शन टेस्ट क्रिकेट में काफी अच्छा रहा था।

Ben Stokes- India TV Hindi
बेन स्टोक्स Image Source : AP

इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेला जा रहा टेस्ट मैच उनके करियर का आखिरी मैच होगा। इसके बाद मैदान पर बेन स्टोक्स का जलवा देखने को नहीं मिलेगा। स्टोक्स ने अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत साल 2011 में व्हाइट बॉल फॉर्मेट में की थी। इसके बाद दिसंबर 2013 में उन्होंने एडिलेड में एशेज सीरीज के दौरान अपना टेस्ट डेब्यू किया था। स्टोक्स अप्रैल 2022 से इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं।

2019 वर्ल्ड कप फाइनल में बेन स्टोक्स ने खेली थी मैच विनिंग पारी

बेन स्टोक्स साल 2019 के वर्ल्ड कप फाइनल में नाबाद 84 रनों की शानदार पारी खेली, जिसकी वजह से मैच सुपर ओवर तक पहुंचा और इंग्लैंड पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बना। इसी साल हेडिंग्ले में खेले गए एशेज टेस्ट मैच में उन्होंने अकेले दम पर नाबाद 135 रन बनाकर इंग्लैंड को एक ऐसी जीत दिलाई जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। इसके अलावा, साल 2016 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में उन्होंने 258 रनों की तूफानी पारी खेली थी, यह उनके टेस्ट करियर का सबसे बड़ा स्कोर है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी कप्तानी में इंग्लैंड को कुछ यादगार जीत भी दिलाई।

ECB के अध्यक्ष रिचर्ड थॉम्पसन ने की बेन स्टोक्स की तारीफ

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के अध्यक्ष रिचर्ड थॉम्पसन ने बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट के बाद उनकी तारीफ करते हुए कहा कि वे इंग्लैंड के इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक हैं और उन्होंने अपनी पीढ़ी के क्रिकेटरों को बहुत प्रेरित किया है। उन्होंने आगे कहा कि स्टोक्स ने मुश्किल परिस्थितियों में हमेशा शानदार खेल दिखाया, कभी हार नहीं मानी और संकट के समय टीम के लिए कुछ ऐसा अनोखा कर दिखाया जिसे दुनिया भर के करोड़ों क्रिकेट प्रेमी कभी नहीं भूल पाएंगे।

इंटरनेशनल क्रिकेट में कैसा रहा बेन स्टोक्स का प्रदर्शन

इंटरनेशनल क्रिकेट में बेन स्टोक्स के आंकड़े को लेकर बात करें तो वह अपने करियर में 121 टेस्ट, 114 वनडे और 43 टी20I मैच खेलने में कामयाब रहे। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 34.58 की औसत से 7228 रन बनाए हैं। इसके साथ गेंदबाजी में 246 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं। वहीं अगर वनडे क्रिकेट की बात करें तो वहां उन्होंने 99 पारियों में 41.22 के औसत से 3463 रन बनाए और साथ ही में 74 विकेट लेने में कामयाब रहे। टी20 इंटरनेशनल में वह 585 रन बनाने में कामयाब रहे थे, साथ ही उन्होंने 26 विकेट भी हासिल किए।

यह भी पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी को दूसरे टी20 में भी नहीं मिला मौका, टीम इंडिया के लिए दो प्लेयर्स ने किया डेब्यू

अर्शदीप सिंह बने शर्मनाक लिस्ट का हिस्सा, टी20 मैच में पारी के पहले ओवर में दो छक्के खाने वाले तीसरे भारतीय

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल