1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वैभव सूर्यवंशी को दूसरे टी20 में भी नहीं मिला मौका, टीम इंडिया के लिए दो प्लेयर्स ने किया डेब्यू

वैभव सूर्यवंशी को दूसरे टी20 में भी नहीं मिला मौका, टीम इंडिया के लिए दो प्लेयर्स ने किया डेब्यू

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Jun 28, 2026 05:35 pm IST,  Updated : Jun 28, 2026 05:49 pm IST

वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में डेब्यू करने का मौका नहीं मिला है। इस मैच में टीम इंडिया के लिए टीम इंडिया ने प्लेइंग XI में दो बदलाव किए हैं।

Vaibhav Sooryavanshi- India TV Hindi
वैभव सूर्यवंशी Image Source : PTI

भारत और आयरलैंड के बीच दूसरा टी20 मैच बेलफास्ट में खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। वैभव सूर्यवंशी जिनके डेब्यू का इंतजार सभी लोग कर रहे थे, उन्हें इस मैच में भी मौका नहीं मिला है। लेकिन टीम इंडिया के लिए इस मुकाबले में दो प्लेयर्स ने डेब्यू किया है। सूर्यांश शेडगे इस मैच में अपना इंटरनेशनल डेब्यू कर रहे हैं। वहीं प्रिंस यादव आज अपना टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू कर रहे हैं। वह पहले ही वनडे में डेब्यू कर चुके हैं।

सूर्यांश और प्रिंस यादव को लेकर श्रेयस अय्यर ने क्या कहा?

टॉस के समय भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने सूर्यांश और प्रिंस के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव दोनों का यह पहला मैच है। श्रेयस ने कहा कि सूर्यांश एक बहुत ही मजबूत और आक्रामक बल्लेबाज हैं। वह एक बेहतरीन युवा खिलाड़ी हैं जो घरेलू मैचों और आईपीएल में लगातार रन बना रहे हैं। उनके पास यूथ क्रिकेट का अच्छा अनुभव है और उन्होंने 'A' टीम के दौरों पर भी बढ़िया खेल दिखाया है, जिसका फायदा उन्हें मिल रहा है। प्रिंस के बारे में कप्तान ने कहा कि चूंकि यह उनका पहला मैच है, इसलिए वह उन पर कोई दबाव नहीं बनाना चाहते। उनके लिए जरूरी है कि वह मैदान पर उतरें और मैच के माहौल को समझें। प्रिंस ने पिछला मैच देखा है कि टीम कैसे खेली थी, इसलिए वह इन हालातों में खुद को आसानी से ढाल लेंगे।

सूर्यांश और प्रिंस का हालिया प्रदर्शन

सूर्यांश शेडगे हाल ही में इंडिया ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर गए थे। वहां उन्होंने श्रीलंका ए के खिलाफ एक मैच में 72 रनों की शानदार पारी खेली थी। इसके साथ ही गेंदबाजी करते हुए उन्होंने दो विकेट भी चटकाए थे। वहीं प्रिंस यादव ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ हुई वनडे सीरीज से अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की थी। इस सीरीज में उन्हें दो मैचों में खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने तीन विकेट लिए। अब वैभव सूर्यवंशी की बात करें, तो उनका पूरा ध्यान इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टी20 सीरीज पर है, जहां उन्हें टीम इंडिया के लिए अपना पहला मैच खेलने का मौका मिल सकता है।

सीरीज में 1-0 से पीछे है टीम इंडिया

दो मैचों की इस सीरीज में टीम इंडिया 1-0 से पीछे चल रही है। इसी मैदान पर खेले गए पहले टी20 में टीम इंडिया को आयरलैंड ने 34 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त ली थी। आयरलैंड ने पहली बार इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत को हराया था। भारतीय टीम इस मैच को जीतकर सीरीज बराबर करने के इरादे से मैदान पर उतरी है।

यह भी पढ़ें

MLC में हुआ सांसें रोक देने वाला मैच, अकील हुसैन की हैट्रिक बेकार, निखिल चौधरी ने आखिरी गेंद पर पलटा पासा

वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्चुअल क्वार्टर फाइनल आज, कब और कहां देख पाएंगे लाइव

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल