1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. तीन साल से ज्यादा तक इस खिलाड़ी ने झेला आईसीसी बैन, अब इंटरनेशनल क्रिकेट में रचेगा ​इतिहास!

तीन साल से ज्यादा तक इस खिलाड़ी ने झेला आईसीसी बैन, अब इंटरनेशनल क्रिकेट में रचेगा ​इतिहास!

 Published : Aug 29, 2025 02:28 pm IST,  Updated : Aug 29, 2025 02:28 pm IST

जिम्बाब्वे और श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज का आगाज हो चुका है। ये सीरीज ब्रेंडन टेलर के लिए काफी अहम है, जो इंटरनेशनल क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे करने के बेहद करीब हैं।

brendan taylor- India TV Hindi
ब्रेंडन टेलर Image Source : GETTY

कुछ दिन के ब्रेक के बाद एक बा​र फिर से क्रिकेट का रोमांच शुरू हो गयर है। जहां एक ओर पाकिस्तान, अफगानिस्तान और यूएई की टीमें आपस में सीरीज खेल रही हैं, वहीं श्रीलंका की टीम जिम्बाब्वे के साथ वनडे सीरीज खेलना शुरू कर चुकी है। श्रीलंका की टीम इस सीरीज से जहां एशिया कप की तैयारी करेगी, वहीं जिम्बाब्वे के लिए भी ये सीरीज अहम है। खास तौर पर ब्रेंडन टेलर के लिए, जो हाल ही में करीब साढ़े तीन साल का बैन झेलकर वापस ​इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए मैदान में उतरे हैं। हालांकि इससे पहले वे टेस्ट खेल चुके हैं और अब बारी वनडे क्रिकेट की है। ब्रेंडन टेलर क पास मौका है कि वे जिम्बाब्वे के लिए इतिहास रचने का काम करें, उनके पास एक सुनहरा मौका है। 

बैन से वापसी के बाद एक टेस्ट मैच खेल चुके हैं टेलर

ब्रेंडन टेलर पर करीब साढ़े तीन साल का बैन लगा था, जिसे समाप्त कर अब वे वापसी कर चुके हैं। श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज का पहला मैच खेलने से पहले ब्रेंडन टेलर न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट खेल चुके हैं। हालांकि तब उनके बल्ले से पहली पारी में 44 और दूसरी में केवल सात रन निकले थे। अब टेलर उस फॉर्मेट में खेल रहे हैं, जो उनका पसंदीदा है। अगर मौका मिला तो ब्रेंडन टेलर अपने 10 हजार इंटरनेशनल रन भी पूरे कर लेंगे। जिम्बाब्वे के लिए अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट में केवल दो ही बल्लेबाज दस हजार रन बना पाए हैं, टेलर के पास तीसरा खिलाड़ी बनने का अवसर है। 

एंडी और ग्रांड फ्लावर के बाद 10 हजार रन बनाने वाले तीसरे जिम्बाब्वे के खिलाड़ी बनेंगे

जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने वाले बल्लेबाज एंडी फ्लावर हैं, जिन्होंने 276 मैच खेलकर 11580 रन बनाए हैं। उन्होंने साल 2003 में अपना आखिरी मैच खेला था। इस लिस्ट में दूसरा नाम उनके भाई ग्रांड फ्लावर का है, जिन्होंने 288 इंटरनेशनल मैच खेलकर 10028 रन बनाए हैं। उन्होंने भी साल 2010 में रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया था। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर ब्रेंडन टेलर हैं, उन्होंने अब तक 285 मैच खेलकर 9989 रन बनाए हैं। यानी 10 हजार रन पूरे करने के लिए टेलर को केवल 11 और रनों की जरूरत है, जो वे पहले ही मैच में श्रीलंका के खिलाफ पूरे कर सकते हैं। 

अब तक ऐसा रहा है ब्रेंडन टेलर का प्रदर्शन

ब्रेंडन टेलर ने अब तक 35 टेस्ट खेलकर 2371 रन बनाए हैं। यहां उनका औसत 35.92 का है, उनके नाम छह शतक और 12 अर्धशतक हैं। टी20 इंटरनेशनल में टेलर ने 45 मैच खेलकर 23.94 के औसत से 934 रन बनाने का काम किया है। बात अगर वनडे की करें तो यहां उन्होंने 205 मुकाबले खेलकर 6684 रन बनाए हैं। यहां उनके नाम 11 शतक और 39 अर्धशतक हैं। वनडे में वे 35.55 के औसत से रन बना रहे हैं। यानी यही उनका पसंदीदा फॉर्मेट है और करीब साढ़े तीन साल बाद वे इसमें वापसी कर रहे हैं। अब टेलर 39 साल के हो गए हैं, देखना होगा कि आने वाले कितने और वक्त तक वे इंटरनेशनल क्रिकेट में सक्रिय रह पाते हैं। 

मैच का स्कोर देखने के लिए यहां क्लिक करें

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल