क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर है। पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों से सजी 'वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025' (WCL) का आयोजन इस बार यूके में होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस टीम के लिए कई दिग्गज मैदान में उतरने को तैयार हैं। टीम में तेज गेंदबाजी के दिग्गज ब्रेट ली, विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस लिन और अनुभवी बल्लेबाज शॉन मार्श जैसे सितारे शामिल हैं। इनके अलावा बेन कटिंग, मोइजेस हेनरिक्स, पीटर सिडल, नाथन कुल्टर-नाइल और डी’आर्सी शॉर्ट भी टीम का हिस्सा होंगे। यह टीम अनुभव, फिटनेस और आक्रामक खेल भावना का शानदार मेल लेकर मैदान में उतरेगी।
ब्रेट ली फिर करेंगे मैदान पर वापसी
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली एक बार फिर मैदान पर अपना जलवा दिखाने को तैयार हैं। 76 टेस्ट में 310 विकेट लेने वाले ली ने 2010 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था। वनडे में उन्होंने 221 मैचों में 380 विकेट चटकाए, जबकि 25 T20 मुकाबलों में 28 विकेट उनके नाम दर्ज हैं।
WCL में खेलने को लेकर ली ने कहा कि WCL का हिस्सा बनना शीर्ष स्तर के क्रिकेट के रोमांच को फिर से जीने का एक शानदार मौका है। कुछ बेहतरीन साथियों के साथ ऑस्ट्रेलिया का फिर से प्रतिनिधित्व करना उनके दिल के बहुत करीब है। हम मनोरंजन करने और हावी होने के इरादे से आ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस को जीएफएस डेवलपमेंट्स का समर्थन प्राप्त है, जो दुबई में प्रीमियम रियल एस्टेट कंपनी है।
क्या है वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स?
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) से मान्यता प्राप्त वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) एक वैश्विक T20 लीग है, जो दुनियाभर के नामचीन पूर्व क्रिकेटर्स को एक मंच पर लाती है। इस टूर्नामेंट में क्रिकेट जगत की कई दिग्गज हस्तियां हिस्सा लेंगी, जिससे दर्शकों को पुराने दौर के सितारों का जलवा दोबारा देखने का मौका मिलेगा। 'वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स का पहला सीजन साल 2024 में खेला गया था, जो क्रिकेट फैंस को काफी पसंद आया था। अब दूसरे सीजन का आगाज 18 जुलाई से होगा और 2 अगस्त को फाइनल खेला जाएगा। इसमें कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी।