1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. T20 वर्ल्ड कप के लिए एक और टीम की घोषणा, महज 22 साल के खिलाड़ी को बनाया कप्तान

T20 वर्ल्ड कप के लिए एक और टीम की घोषणा, महज 22 साल के खिलाड़ी को बनाया कप्तान

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Jan 14, 2026 11:25 pm IST,  Updated : Jan 14, 2026 11:25 pm IST

T20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमें शिरकत करेंगी। टूर्नामेंट का 7 फरवरी से आगाज होगा। इससे पहले एक टीम ने अपने स्क्वॉड की घोषणा कर दी है। 22 साल के खिलाड़ी को टीम की कमान सौंपी गई है।

canada- India TV Hindi
कनाडा क्रिकेट टीम Image Source : @CANADIANCRICKET

कनाडा ने भारत और श्रीलंका में होने वाले ICC मेंस T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। टीम अपने पहले वर्ल्ड कप अनुभव से सीख लेते हुए इस बार बड़ा प्रभाव छोड़ने की कोशिश करेगी। कनाडा ने 22 साल के दिलप्रीत बाजवा को अपनी टीम का कप्तान नियुक्त किया है। दिलप्रीत ने कनाडा के लिए 17 T20I मैच खेले हैं 28.35 के औसत से 397 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 133 से ज्यादा का रहा है। उन्होंने अब तक 4 अर्धशतक लगाने का कारनामा किया है। T20 वर्ल्ड कप के लिए चुनी गई टीम में बल्लेबाजी विभाग में कनाडा के पास आक्रामक बल्लेबाज निकोलस किर्टन मौजूद हैं। उनके साथ लेफ्ट हैंड बल्लेबाज युवराज समरा टीम को मजबूती देंगे, जिनका स्ट्राइक रेट 160.72 है।

कनाडा की यह T20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में दूसरी भागीदारी होगी। कनाडा ने पहली बार T20 वर्ल्ड कप 2024 में हिस्सा लिया था, जहां टीम ग्रुप स्टेज में चौथे स्थान पर रही थी। हालांकि, उस टूर्नामेंट में कनाडा ने आयरलैंड को 12 रन से हराकर सबका ध्यान खींचा था और कुल तीन पॉइंट हासिल किए थे।

क्वालिफायर में किया शानदार प्रदर्शन

कनाडा ने इस बार के वर्ल्ड कप के लिए ICC मेंस T20 वर्ल्ड कप अमेरिका रीजनल फाइनल जीतकर क्वालिफाई किया। टीम ने क्वालिफायर में खेले गए सभी 6 मुकाबले जीतकर पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल किया और सीधे वर्ल्ड कप का टिकट कटाया। इस टूर्नामेंट में गेंदबाजी विभाग में शिवम शर्मा और कलीम सना ने शानदार प्रदर्शन किया। ऑफ स्पिनर शिवम शर्मा ने 7.81 की इकॉनमी से 11 विकेट, जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कलीम सना ने 7.50 की इकॉनमी से 10 विकेट झटके। भारतीय परिस्थितियों में इस जोड़ी से टीम को काफी उम्मीदें होंगी।

कठिन ग्रुप में मिलेगी चुनौती

कनाडा को टूर्नामेंट के ग्रुप डी में साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान और UAE जैसी मजबूत टीमों के साथ रखा गया है। कनाडा अपना अभियान 9 फरवरी 2026 को अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरू करेगा।

T20 वर्ल्ड कप के लिए कनाडा का स्क्वॉड: दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), अजयवीर हुंदल, अंश पटेल, डिलन हाइलिगर, हर्ष ठाकर, जसकरनदीप बुट्टर, कलीम सना, कंवरपाल तथगुर, नवनीत धालीवाल, निकोलस किर्टन, रविंदरपाल सिंह, साद बिन जफर, शिवम शर्मा, श्रेयस मूव्वा, युवराज समरा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल