1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कप्तान श्रेयस अय्यर का आयरलैंड के खिलाफ हार के बाद फूटा गुस्सा, कहा - आप बस मैदान पर जाकर मैच नहीं जीत सकते

कप्तान श्रेयस अय्यर का आयरलैंड के खिलाफ हार के बाद फूटा गुस्सा, कहा - आप बस मैदान पर जाकर मैच नहीं जीत सकते

 Written By: Abhishek Pandey
 Published : Jun 26, 2026 11:24 pm IST,  Updated : Jun 26, 2026 11:24 pm IST

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया को आयरलैंड के खिलाफ 2 मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 34 रनों से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया की इस हार पर कप्तान श्रेयस अय्यर का बड़ा बयान भी सामने आया।

Shreyas Iyer- India TV Hindi
श्रेयस अय्यर Image Source : PTI

भारतीय टीम टी20 इंटरनेशनल में सूर्यकुमार यादव की जगह पर बनाए गए नए कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में पहली सीरीज खेलने आयरलैंड के दौरे पर पहुंची है, जहां पर टीम इंडिया की शुरुआत काफी खराब देखने को मिली है। बेलफास्ट के मैदान पर खेले गए 2 मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम को मेजबान के खिलाफ 34 रनों से हार का सामना करना पड़ा, जो अभी तक किसी भी फॉर्मेट में आयरिश टीम के खिलाफ ये भारतीय टीम की पहली हार भी है। वहीं इस मैच के खत्म होने के बाद टीम इंडिया के नए कप्तान श्रेयस अय्यर जिनका बल्ले से कोई खास प्रदर्शन मुकाबले में देखने को नहीं मिला उनका बड़ा बयान भी सामने आया। श्रेयस अय्यर ने मुकाबले के बाद कहा कि हम किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते हैं जिसमें आप सिर्फ मैदान पर जाकर मैच नहीं जीत सकते।

हमने डेथ ओवर्स में नहीं की अच्छी गेंदबाजी

श्रेयस अय्यर ने आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में हार के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा कि हमारे गेंदबाजों ने मुकाबले में शुरुआत काफी अच्छी की थी, जिसमें नई गेंद से हम कुछ विकेट भी लेने में कामयाब रहे, लेकिन उसके बाद हम बीच के ओवर्स में अपनी प्लानिंग को सही तरह से नहीं लागू कर सके और हमने उन्हें सीधे ग्राउंड की तरफ शॉट खेलने दिए जहां पर बाउंड्री थोड़ी छोटी थी। जिस तरह से हमने शुरुआत की थी उसके बाद हमको उन्हें 140 के स्कोर तक रोकना चाहिए था जो चेज के लिए अच्छा स्कोर होता लेकिन हम ऐसा करने में कामयाब नहीं हो सके। कप्तान के तौर पर ये एक अच्छी शुरुआत है। हमें इस मैच से सीखने को बहुत कुछ मिला और अगले मुकाबले में हम अपनी पूरी ताकत के साथ मैदान पर उतरेंगे।

आप किसी चीज को हल्के में नहीं ले सकते

आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर से टीम को कोई संदेश देने का सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसके जवाब में कहा कि मुझे लगता है कि आप किसी भी चीज को हल्के में नहीं ले सकते हैं। आप बस मैदान पर जाकर मैच नहीं जीत सकते, आपको कड़ी मेहनत करनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि आप उस पल में पूरी तरह मौजूद रहें। जैसा कि मैंने पहले कहा आपको वर्तमान में रहना होगा और अगर विरोधी टीम पर दबाव बनाने का मौका मिले तो फिर उसका फायदा उठाना होगा।

ये भी पढ़ें

श्रेयस अय्यर ने तोड़ा रोहित शर्मा का रिकॉर्ड, सबसे ज्यादा T20 मैचों में कप्तान रहने के बाद की टीम इंडिया की कप्तानी

श्रेयस अय्यर से पहले कितने खिलाड़ी कर चुके हैं T20I में भारत की कप्तानी, सूर्या के बाद अब संभालेंगे कमान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल