1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. चमारी अट्टापट्टू ने ODI में रचा इतिहास, ऐसा करने वाली बनी पहली श्रीलंकाई खिलाड़ी

चमारी अट्टापट्टू ने ODI में रचा इतिहास, ऐसा करने वाली बनी पहली श्रीलंकाई खिलाड़ी

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Oct 21, 2025 11:09 am IST,  Updated : Oct 21, 2025 11:09 am IST

वर्ल्ड कप 2025 में आखिरकार श्रीलंका की टीम ने बांग्लादेश को हराकर जीत का स्वाद चख लिया। इस जीत में टीम की कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने खास मुकाम हासिल कर लिया।

Chamari Athapaththu- India TV Hindi
चमारी अट्टापट्टू Image Source : PTI

चमारी अट्टापट्टू की कप्तानी में श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम ने आखिरकार वर्ल्ड कप 2025 में जीत का स्वाद चख लिया। लगातार पांच मैचों में हार झेलने के बाद श्रीलंकाई टीम ने बांग्लादेश को रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने बल्ले से नया इतिहास रच दिया।

दरअसल, अट्टापट्टू ODI क्रिकेट में 4000 रन पूरे करने वाली पहली श्रीलंकाई महिला बल्लेबाज बन गई हैं। बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए 21वें मुकाबले में उन्होंने 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 46 रनों की अहम पारी खेली। इसी के साथ उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। अट्टापट्टू ने 2010 में अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। अब तक खेले गए 120 वनडे मैचों में उनके नाम 4045 रन दर्ज हैं। इस दौरान उन्होंने 9 शतक और 20 अर्धशतक जड़े हैं। श्रीलंका की तरफ से ODI में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ियों की सूची में शशिकला सिरिवर्धने दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 2003 से 2019 के बीच 118 मैचों में 2029 रन बनाए थे। अट्टापट्टू ODI में 4000 से ज्यादा रन बनाने वाली एशिया की चौथी महिला खिलाड़ी भी हैं।

रोमांचक मैच में श्रीलंका की जीत

नवी मुंबई में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम की शुरुआत खराब रही और विशमी गुणरत्ने पहली ही गेंद पर आउट हो गईं। इसके बाद अट्टापट्टू ने हसिनी परेरा के साथ मिलकर पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी की। हसिनी परेरा ने 85 रनों की शानदार पारी खेली और श्रीलंका को 202 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में बांग्लादेश की टीम अच्छी स्थिति में थी, लेकिन आखिरी ओवर में मैच ने पूरी तरह करवट ले ली।

अट्टापट्टू का जादुई ओवर: 4 गेंदों पर 4 विकेट

बांग्लादेश को जीत के लिए आखिरी ओवर में 9 रनों की जरूरत थी और कप्तान नाहिदा सुल्ताना क्रीज पर थीं। तभी चमारी अट्टापट्टू ने कप्तानी और गेंदबाजी दोनों में कमाल कर दिया। उन्होंने आखिरी ओवर में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेकर मैच पलट दिया। पहली गेंद पर राबिया खान LBW आउट हुईं, दूसरी गेंद पर नाहिदा अख्तर रन आउट हो गईं। तीसरी गेंद पर सुल्ताना ने निलाक्षिका सिल्वा को कैच थमा दिया और चौथी गेंद पर मारूफा अख्तर LBW हो गईं। इस ओवर ने श्रीलंका को शानदार और ऐतिहासिक जीत दिलाई।

यह भी पढ़ें

वनडे सीरीज के बीच इस टीम को लगा बड़ा झटका, धाकड़ गेंदबाज हुआ बाहर

रोहित-विराट वाली लिस्ट में शामिल हुआ जोस बटलर का नाम, ऐसा करने वाले बने दुनिया के पांचवें प्लेयर

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल