चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत और न्यूजीलैंड इन टीमों ने अभी तक शानदार खेल दिखाया है। दोनों ही टीमों ने अब तक दो-दो मैच खेले हैं और उनमें उन्हें जीत मिली है। अब 2 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड का आमना-सामना होगा। इस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड की टीम जो अच्छा प्रदर्शन कर रही है, उसके पीछे एक वजह रचिन रवींद्र का शानदार फॉर्म भी है। रचिन पिछले कुछ समय से लगातार बल्ले से रन बना रहे हैं।
रचिन रवींद्र ने अपने नाम किया ये खास रिकॉर्ड
दरअसल रचिन रवींद्र जारी टूर्नामेंट के पहले मैच में चोट की वजह से नहीं खेले थे। इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे मैच में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया। रचिन ने 105 गेंदों में 112 रनों की पारी खेली। इस शतक के साथ ही उन्होंने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। रचिन 25 साल की उम्र तक ICC टूर्नामेंट में सबसे शतक लगाने के मामले में सचिन से आगे निकल गए हैं। 25 साल की उम्र तक ICC टूर्नामेंट में रचिन ने 4 शतक लगाए हैं। वहीं सचिन ने तब तक सिर्फ तीन शतक लगाए थे। उसके बाद इस लिस्ट में श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज उपुल थरंगा का नाम है। 25 साल की उम्र तक थरंगा ने ICC इवेंट में तीन शतक लगाए थे।
ICC इवेंट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज (25 साल की उम्र तक)
- 4 - रचिन रवींद्र (14 पारियां)
- 3 - सचिन तेंदुलकर (16 पारियां)
- 2 - उपुल थरंगा (22 पारियां)
वनडे में रचिन रवींद्र के आंकड़े
वहीं वनडे फॉर्मेट में रचिन के आंकड़ों की बात करें तो बाएं हाथ के इस कीवी बल्लेबाज ने अब तक 30 मैच खेले हैं। इन 30 मैचों में उन्होंने 43.28 की औसत से 1042 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 109.63 का रहा है। इस फॉर्मेट में रचिन अब तक 4 शतक और 4 अर्धशतक लगा चुके हैं। वहीं उनका हाईएस्ट स्कोर 123 रन है। अब जब 2 मार्च को रचिन रवींद्र भारत के खिलाफ खेलने उतरेंगे तो वहां भी वो अपने इस शानदार फॉर्म को जारी रखना चाहेंगे।
यह भी पढ़ें
टूट गया 991 विकेट लेने वाले महान गेंदबाज का महाकीर्तिमान, अंग्रेज बॉलर ने रच दिया नया इतिहास
चैंपियंस ट्रॉफी के बीच बदली आईसीसी रैंकिंग, शुभमन गिल निकले बहुत आगे, विराट कोहली ने भी मारी छलांग