Jofra Archer, ICC Champions Trophy 2025: ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का 8वां मुकाबला अफगानिस्तान और इंग्लैंड के बीच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जा रहा है। अफगानिस्तान की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही है। हालांकि अफगानिस्तान की पारी का आगाज बेहद खराब रहा। टीम ने 9 ओवर के भीतर ही 3 अहम विकेट खो दिए। सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। सेदिकुल्लाह अटल और रहमत शाह भी सस्ते में चलते बने। सेदिकुल्लाह अटल और रहमत शाह ने 4-4 रन बनाए। अफगानिस्तान के इन तीनों बल्लेबाजों का शिकार इंग्लैंड के धाकड़ तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने किया। आर्चर ने अपने पहले ही ओवर से कहर बरपाया और अकेले ही अफगानिस्तान के टॉप आर्डर को तहस-नहस कर दिया। नतीजा ये हुआ कि अफगानिस्तान ने 8.5 ओवर में ही 37 रन पर अपने 3 अहम बल्लेबाजों के विकेट खो दिए। इस तरह जोफ्रा आर्चर ने एक बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया।
ध्वस्त हुआ महाकीर्तिमान
दरअसल, जोफ्रा आर्चर ने जैसे ही रहमानुल्लाह गुरबाज ने 5वें ओवर की पहली गेंद पर आउट किया, वैसे ही वनडे में अपने 50 विकेट पूरे कर लिए। उन्होंने 30वें वनडे मैच में 50 विकेट लेने का बड़ा कारनामा किया। इसके साथ ही आर्चर ने इंग्लैंड की ओर से सबसे तेज 50 विकेट लेने का कीर्तिमान रच दिया। आर्चर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 991 विकेट झटकने वाले जेम्स एंडरसन का रिकॉर्ड ध्वस्त किया। एंडरसन ने 31 वनडे मैचों में 50 विकेट झटके थे। अब आर्चर ने एंडरसन को पछाड़ दिया है।
वनडे में सबसे तेज 50 विकेट लेने वाले इंग्लिश गेंदबाज
- जोफ्रा आर्चर- 30 मैच
- जेम्स एंडरसन- 31 मैच
- स्टीव हर्मिसन- 32 मैच
इंग्लैंड के लिए 3 मई 2019 को वनडे में डेब्यू करने वाले आर्चर को 50 विकेट पूरे करने में 5 साल 9 महीने और 23 दिन का लंबा वक्त लग गया। आर्चर की गिनती बेहतरीन गेंदबाजों में होती है लेकिन लगातार चोटिल रहने के कारण वह बहुत ज्यादा इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेल सके हैं। 29 साल के इस गेंदबाज ने अब तक सिर्फ 13 टेस्ट, 30 वनडे और 34 T20I मैच ही खेले हैं।
AFG vs ENG: दोनों टीमों की प्लेइंग XI
अफगानिस्तान: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहीदी (कप्तान), अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, गुलबदीन नाइब, राशिद खान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी।
इंग्लैंड: फिल साल्ट, बेन डकेट, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जो रूट, हैरी ब्रूक, जोस बटलर (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जोफ्रा आर्चर, जेमी ओवर्टन, आदिल रशीद, मार्क वुड।