1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. तेंदुलकर, कोहली और जयसूर्या के बराबर पहुंचा धाकड़ बल्लेबाज, शतक जड़कर किया ऐसा करिश्मा

तेंदुलकर, कोहली और जयसूर्या के बराबर पहुंचा धाकड़ बल्लेबाज, शतक जड़कर किया ऐसा करिश्मा

 Published : Jul 02, 2025 09:07 pm IST,  Updated : Jul 02, 2025 09:07 pm IST

श्रीलंकाई टीम के लिए कप्तान चरित असलंका ने दमदार बल्लेबाजी की और बांग्लादेश के गेंदबाजों के खिलाफ अच्छे स्ट्रोक लगाए। उन्होंने मैच में कुल 106 रन बनाए।

Charith Asalanka - India TV Hindi
चरित असलंका Image Source : SRI LANKA CRICKET TWITTER

श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में श्रीलंका के कप्तान चरित असलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। श्रीलंकाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कुल 244  रन बनाए। टीम के लिए असलंका ने अच्छी बल्लेबाजी की और उनकी वजह से ही टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई।

चरित असलंका ने संभाली श्रीलंकाई पारी

श्रीलंकाई टीम की मैच में शुरुआत बहुत ही खराब रही, जब पथुम निसंका (जीरो रन) और निसान मधुशंका (6 रन) बड़ा स्कोर नहीं बना पाए। इसके बाद कामिंदु मेंडिंस तो अपना खाता तक नहीं खोल पाए। तीन विकेट गंवाकर श्रीलंकाई टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। कुसल मेंडिंस और चरित असलंका ने इसके बाद रन बनाने की जिम्मेदारी संभाली। असंलका ने मैच में 123 गेंदों में 106 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और चार छक्के शामिल रहे। दूसरी तरफ कुसल ने 45 रन बनाए।

आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में लगाया चौथा शतक

अब कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में चरित असंलका ने वनडे क्रिकेट में चौथा शतक लगाया है। इसी के साथ सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और सनथ जयसूर्या की बराबरी कर ली है। इन प्लेयर्स ने भी कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में चार-चार वनडे शतक लगाए थे। असलंका ने कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में कुल 22 मुकाबले खेले हैं और 1002 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से चार शतक और चार अर्धशतक निकले हैं।

वनडे क्रिकेट में बना चुके 2000 से ज्यादा रन

28 साल के चरित असलंका ने साल 2021 में श्रीलंका के लिए वनडे में डेब्यू किया था। इसके बाद से ही उन्होंने लंकाई टीम के लिए 74 वनडे मैचों में कुल 2480 रन बनाए हैं। उन्होंने पांच शतक और 15 अर्धशतक लगाए हैं।

तस्कीन अहमद ने हासिल किए चार विकेट

बांग्लादेश के खिलाफ मैच में चरित असलंका ने 106 रन और कुसल मेंडिंस ने 45 रन बनाए। इन दोनों प्लेयर्स के अलावा डेब्यू करने वाले मिलन रथनायके ने 29 रनों का योगदान दिया। बांग्लादेश के लिए तस्कीन अहमद ने सबसे ज्यादा चार विकेट अपने नाम किए। वहीं तंजीम हसन शाकिब के खाते में तीन विकेट गए। तनवीर इस्लाम और नजमुल हसन शान्तो ने एक-एक विकेट चटकाया।

यह भी पढ़ें:

10 रनों से वीरेंद्र सहवाग के कीर्तिमान को तोड़ने से चूक गए जायसवाल, अब कर पाएंगे सिर्फ बराबरी

अब तो BCCI भी पछता रहा होगा, केवल एक मैच का हीरो, ये खिलाड़ी निकला थर्ड क्लास

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल