Yashavi Jaiswal: यशस्वी जायसवाल ने भारतीय टीम के लिए साल 2023 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके बाद से ही वह टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और अहम कड़ी बने हुए हैं। अब इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में उन्होंने दमदार पारी खेली और 87 रन बनाए। उनके आगे अंग्रेज गेंदबाज टिक नहीं पाए।
2000 रन पूरे करने से चूक गए यशस्वी जायसवाल
यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में 87 रन बनाए, जिसमें 13 चौके शामिल रहे। सिर्फ 10 रनों से ही वह टेस्ट क्रिकेट में अपने 2000 रन पूरे करने से चूक गए। वह भारत के लिए 39वीं टेस्ट पारी खेल रहे थे। अगर इसी पारी में 10 रन और बना लेते, तो वह भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाते। लेकिन ऐसा हो नहीं सका। भारतीय टीम के लिए वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ ने 40-40 टेस्ट पारियों में 2000 रन पूरे किए थे, जो भारत के लिए टेस्ट में सबसे तेज 2000 रन बनाने का रिकॉर्ड है।
अब इन दोनों का ये रिकॉर्ड बच गया है। अगर यशस्वी जायसवाल इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी पारी में 10 रन और बनाते हैं, तो उनकी वह 40वां पारी होगी। फिर वह सहवाग-द्रविड़ के रिकॉर्ड को तोड़ नहीं पाएंगे। सिर्फ बराबरी कर पाएंगे।
भारत के लिए लगा चुके 5 शतक
यशस्वी जायसवाल ने भारत के लिए अभी तक कुल 21 टेस्ट मुकाबलों में 1990 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 12 अर्धशतक निकले हैं। वह चाहें घर पर खेल रहे हों या विदेश में। उन्होंने हर जगह खुद की काबिलियत साबित की है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों ही दौरों पर उन्होंने अपने पहले ही टेस्ट मैच में शतक लगाया है।
पिछले मैच में भी जड़ा था शतक
यशस्वी जायसवाल इस समय बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं और इंग्लैंड के खिलाफ उनका बल्ला खूब रन उगल रहा है। इससे पिछले मैच में भी उन्होंने शतक लगाया था। जब इंग्लैंड की टीम भारत दौरे पर पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिए गई थी, तब उन्होंने दो दोहरे शतक जड़े थे।
भारत में 0-1 से पीछे चल रही भारतीय टीम
भारतीय टीम के लिए इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया था। तब पहली पारी में भारत ने 471 रन और दूसरी पारी में 364 रन बनाए थे। लेकिन गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन की वजह से टीम को हार का मुंह देखना पड़ा। जसप्रीत बुमराह ने पहली पारी में जरूर पांच विकेट हासिल किए थे, लेकिन दूसरी पारी में वह बिल्कुल बेअसर साबित हुए। हार के साथ ही टीम इंडिया सीरीज में 0-1 से पीछे हो गई थी।