1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विराट कोहली का दीदार नहीं कर पाएंगे फैंस, खाली स्टेडियम में खेला जाएगा मुकाबला

विराट कोहली का दीदार नहीं कर पाएंगे फैंस, खाली स्टेडियम में खेला जाएगा मुकाबला

 Written By: Vanson Soral @VansonSoral
 Published : Dec 23, 2025 11:16 am IST,  Updated : Dec 24, 2025 07:28 am IST

विराट कोहली फैंस के लिए अच्छी खबर नहीं है। क्रिकेट फैंस बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में किंग कोहली को खेलते नहीं देख पाएंगे।

Virat Kohli- India TV Hindi
विराट कोहली Image Source : AP

Virat Kohli: विराट कोहली की लंबे समय बाद विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी होने जा रही है। विराट कोहली दिल्ली के लिए टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में आंध्र प्रदेश के खिलाफ खेलते नजर आएंगे। हालांकि, फैंस के लिए बुरी खबर ये है कि वह अपने चहेते खिलाड़ी को खेलते नहीं देख पाएंगे। दरअसल, दिल्ली और आंध्र प्रदेश के बीच विजय हजारे ट्रॉफी का मुकाबला 24 दिसंबर को पहले बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना था लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। इस मैच को लेकर कर्नाटक सरकार ने कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को निर्देश दिया है कि विजय हजारे ट्रॉफी के मुकाबले बिना दर्शकों के, यानी बंद दरवाजों के पीछे आयोजित किए जाएं। साथ ही मैच का आयोजन भी एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की जगह कहीं और किया जाए।

स्टेडियम में अब भी सुधार करना बाकी

बता दें, यह कोहली का 4 जून को हुई दुखद भगदड़ की घटना के बाद बेंगलुरु में पहला दौरा है, जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत के जश्न के दौरान 11 लोगों की जान चली गई थी और कई घायल हुए थे। इसके बाद से यह स्टेडियम शीर्ष स्तरीय क्रिकेट के लिए लगभग प्रतिबंधित रहा है। BCCI को भी अक्टूबर-नवंबर में खेले गए महिला वर्ल्ड कप के फाइनल समेत पांच मैचों को दूसरे स्थान पर शिफ्ट करना पड़ा था।

इससे पहले KSCA ने संकेत दिया था कि स्टेडियम के दो स्टैंड आम जनता के लिए खोले जा सकते हैं, जिनमें 2000 से 3000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था हो सकती थी। हालांकि, राज्य सरकार ने इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया और संभावित सुरक्षा और नियमों के पालन से जुड़ी चिंताओं का हवाला दिया। सरकार का मानना है कि अभी भी स्टेडियम के कई हिस्सों में जरूरी सुधार कार्य जारी है।

सरकार ने अव्यवस्था से बचने के लिए उठाया कदम

ESPNcricinfo के अनुसार, राज्य सरकार छुट्टियों के मौसम में बड़े खिलाड़ियों की मौजूदगी के कारण स्टेडियम के आसपास अव्यवस्था और भीड़भाड़ से बचना चाहती है। विराट कोहली और ऋषभ पंत की शुरुआती दो मैचों के लिए उपलब्धता के चलते KSCA को पहले ही आयोजन स्थल को अलूर से चिन्नास्वामी स्टेडियम में बदलना पड़ा था, ताकि लॉजिस्टिक समस्याओं से बचा जा सके। KSCA के अनुरोध पर 22 दिसंबर को पुलिस, लोक निर्माण विभाग (PWD) और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों वाली एक समिति ने स्टेडियम का निरीक्षण किया। समिति की औपचारिक रिपोर्ट 23 दिसंबर को आने के बाद फैसला लिया गया कि मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में नहीं होगा। बेंगलुरु में होने वाले विजय हजारे ट्रॉफी के सभी मैच अब बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बिना दर्शकों के खेले जाएगे।

पुलिस कमिश्नर सीमान्त कुमार सिंह ने कहा कि होम डिपार्टमेंट कमिटी की रिपोर्ट के आधार पर ये फैसला लिया गया है। ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी, बेंगलुरु पुलिस, फायर डिपार्टमेंट और अन्य सम्बंधित महकमों की टीम ने स्टेडियम का दौरा किया। पुलिस कमिश्नर ने आज कहा कि होम डिपार्टमेंट की रिपोर्ट ने इस बात की ओर इंगित किया है कि स्टेडियम ने अब तक कंप्लाइन्स का सही तरीके से पालन नहीं किया है, इसी आधार पर यहां मैच को मंजूरी नहीं दी जा रही है।

यह भी पढ़ें:

SA20 के चौथे सीजन के आगाज से पहले सभी टीमों ने जारी किए अपडेटेड स्क्वॉड, इन खिलाड़ियों को मिला मौका

बड़ी खबर! एक साथ 2 खिलाड़ियों ने किया इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल