साउथ अफ्रीका क्रिकेट में बड़े बदलाव की आहट सुनाई दे रही है। जहां एक तरफ युवा खिलाड़ियों को मौका देकर भविष्य की मजबूत नींव रखी जा रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ दिग्गज खिलाड़ियों को बड़ा झटका भी लगा है। क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) के नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट्स की घोषणा ने टीम के भविष्य की दिशा साफ कर दी है। क्रिकेट साउथ अफ्रीका द्वारा जारी 2026-27 सीजन के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट्स में अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर और रासी वैन डेर डुसेनको हाइब्रिड कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया गया है। वहीं, कई युवा खिलाड़ियों को पहली बार मौका मिला है, जिससे टीम में नए दौर की शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं।
इन खिलाड़ियों को मिला पहला कॉन्ट्रैक्ट
तेज गेंदबाज ऑटनील बार्टमैन और ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश को पहली बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है। इनके साथ ही प्रतिभाशाली बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्जके और डेवाल्ड ब्रेविस भी पहली बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल हुए हैं। अनुभवी स्पिनर साइमन हार्मर को इस सीजन के लिए हाइब्रिड कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है। इससे उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ-साथ फ्रेंचाइजी लीग में भी खेलने की अधिक स्वतंत्रता मिलेगी।
PONI सिस्टम की नई शुरुआत
इस बार CSA ने नेशनल इंटरेस्ट के खिलाड़ी यानी प्लेयर ऑफ नेशनल इंटरेस्ट (PONI) नाम से नई प्रणाली शुरू की है। इसके तहत डिवीजन-1 के खिलाड़ियों को चुना गया है, जिन्हें भविष्य के लिए तैयार किया जाएगा। यह कदम टीम की बेंच स्ट्रेंथ को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
महिला टीम में भी नया चेहरा
महिला टीम में विकेटकीपर-बल्लेबाज काराबो मेसो को शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है और उन्हें पहला नेशनल कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है। पिछले एक साल में उन्होंने सभी साउथ अफ्रीका महिला टीम के दौरों में हिस्सा लिया, जिसमें 2025 महिला वर्ल्ड कप भी शामिल रहा।
नए कॉन्ट्रैक्ट्स 1 जून 2026 से 31 मई 2027 तक लागू रहेंगे। इस दौरान साउथ अफ्रीका की मेन्स टीम ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज खेलेगी, जबकि श्रीलंका दौरे पर भी जाएगी। वहीं, महिला टीम ICC वूमेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी में जुटी है, जो इंग्लैंड में आयोजित होगा। CSA के इस फैसले से साफ है कि अब टीम अनुभव और युवा जोश के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रही है। जहां कुछ बड़े नाम बाहर हुए हैं, वहीं नई प्रतिभाओं को मौका देकर साउथ अफ्रीका क्रिकेट अपने भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठा चुका है।
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट पाने वाले मेन्स खिलाड़ी: टेम्बा बावुमा, डेविड बेडिंघम, ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्जके, डेवाल्ड ब्रेविस, टोनी डी जोर्जी, मार्को जानसन, केशव महाराज, क्वेना मफाका, एडेन मारक्रम, वियान मुल्डर, सेनुरन मुथुसामी, लुंगी एनगिडी, कगिसो रबाडा, रयान रिकेलटन, ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरिन।
हाइब्रिड कॉन्ट्रैक्ट 2026/27: साइमन हार्मर।
सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट पाने वाली महिला खिलाड़ी: एनेके बॉश, ताजमिन ब्रिट्स, नादिन डी क्लर्क, एनेरी डर्कसेन, अयांडा ह्लुबी, सिनालो जाफ्ता, मारिजान कैप, अयाबोंगा खाका, मसाबाता क्लास, सुने लुस, कराबो मेसो, नॉनकुलुलेको म्लाबा, तुमी सेखुखुने, क्लो ट्रायॉन, लौरा वोल्वार्ड्ट।
नेशनल इंटरेस्ट के खिलाड़ी (PONI) 2026/27: मार्केस एकरमैन, नंद्रे बर्गर, ओकुहले सेले, जेराल्ड कोएत्जी, कॉनर एस्टरहुइजन, डियान फॉरेस्टर, ब्योर्न फोर्टुइन, जुबैर हमजा, जॉर्डन हरमन, रुबिन हरमन, नकोबानी मोकोएना, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, नकाबा पीटर, सिनेथेम्बा केशिले, लेसेगो सेनोक्वाने, लूथो सिपाम्ला, जेसन स्मिथ, प्रेनेलन सुब्रायेन, तियान वान वुरेन, कोडी यूसुफ।