CSK Hall of Fame: आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने वाली है। इस सीजन की शुरुआत से पहले 22 मार्च को सीएसके ने एमए चिदंबरम स्टेडियम में अपने फैंस के लिए 'रोर 2026' इवेंट का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में CSK ने अपने दो पूर्व दिग्गज प्लेयर सुरेश रैना और मैथ्यू हेडन को फ्रेंचाइजी के पहले 'हॉल ऑफ फेम' में शामिल किया। ये दोनों ही प्लेयर्स कई सालों तक चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी का अहम हिस्सा रहे और कई मौकों पर चेन्नई को यादगार जीत दिलाई।
रैना ने 13 साल तक किया CSK का प्रतिनिधित्व
'चिन्ना थाला' के नाम से मशहूर बाएं हाथ के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना ने साल 2008 से 2021 तक चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व किया। वह साल 2010, 2011, 2018 और 2021 में आईपीएल का खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे। वह अभी भी चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस फ्रेंचाइजी के लिए 5529 रन बनाए हैं। इस फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए रैना ने कई मुकाबलों में यादगार पारियां खेली हैं। वहीं एमएस धोनी की गैरमौजूदगी में रैना ने कुछ मैचों में CSK की कप्तानी भी की है।
हेडन ने 2009 में CSK के लिए खेलकर जीता था ऑरेंज कैप
दूसरी ओर, पूर्व बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन की बात करें तो वह साल 2008 से 2010 तक चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का अहम हिस्सा रहे। वह साल 2010 में आईपीएल का खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। हेडन इस टीम के पहले ऐसे खिलाड़ी बने जिन्होंने ऑरेंज कैप का खिताब जीता था। हेडन ने 2009 के आईपीएल सीजन में 572 रन बनाकर ऑरेंज कैप अवॉर्ड अपने नाम किया था। ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व सलामी बल्लेबाज ने फ्रेंचाइजी के लिए 1107 रन बनाए हैं।
30 मार्च को CSK खेलेगी अपना पहला मैच
ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स 30 मार्च को गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में पहले सीजन के चैंपियन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी। इसके बाद CSK का अगला मैच 3 अप्रैल को चेपॉक में पंजाब किंग्स के खिलाफ होगा। फिर उनकी टीम 5 अप्रैल को चिन्नास्वामी स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना करेगी। वहीं 11 अप्रैल को चेपॉक के मैदान पर CSK की टीम दिल्ली कैपिटल्स से मुकाबला खेलेगी। अब देखना ये होगा कि CSK इस सीजन कैसा प्रदर्शन करती है और टॉप-4 में जगह बना पाती है या नहीं।
यह भी पढ़ें
IPL 2026 से पहले KKR का बड़ा ऐलान, आकाश दीप की जगह 28 साल के गेंदबाज को किया टीम में शामिल
MS Dhoni ने IPL 2026 से पहले वर्ल्ड चैंपियंस को किया सम्मानित, चेपॉक में हुआ शानदार इवेंट