CSK vs DC Pitch Report: IPL 2026 में जैसे-जैसे मुकाबले आगे बढ़ रहे हैं, पिच और मौसम का रोल और भी अहम होता जा रहा है। चेन्नई के चेपॉक में होने वाले मुकाबले से पहले फैंस के मन में एक ही सवाल है कि क्या यहां फिर रनों की बारिश होगी या स्पिनर्स दिखाएंगे अपना जादू? IPL 2026 के 18वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स का सामना दिल्ली कैपिटल्स से चेन्नई के ऐतिहासिक एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा। चेपॉक के नाम से मशहूर यह मैदान इस सीजन के दूसरे मैच की मेजबानी करेगा। इससे पहले यहां पंजाब किंग्स ने हाई-स्कोरिंग मुकाबले में चेन्नई की टीम को हराया था।
पिच का रोल होगा अहम!
चेपॉक भारत के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित क्रिकेट मैदानों में से एक है, जहां अब तक 92 IPL मैच खेले जा चुके हैं। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को थोड़ा फायदा मिलता है। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 51 मुकाबले जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने 41 मैच अपने नाम किए हैं। टॉस का असर यहां ज्यादा देखने को नहीं मिला है, जो इस पिच को संतुलित बनाता है। औसतन यहां पहली पारी का स्कोर करीब 164 रन रहता है।
हालांकि, पिछले मुकाबले में यहां जमकर रन बने थे, जहां दोनों टीमों ने 200 से ज्यादा स्कोर किया था। ऐसे में इस बार भी रन बनने की पूरी उम्मीद है, खासकर जब दोनों टीमों के पास बड़े हिटर मौजूद हैं। फिर भी चेपॉक की पिच पारंपरिक रूप से स्पिनर्स को मदद देती है, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।
फैंस के लिए अच्छी खबर
मौसम की बात करें तो फैंस के लिए अच्छी खबर है। 11 अप्रैल की शाम को चेन्नई का मौसम साफ और गर्म रहेगा, जो मुकाबले के लिए बिल्कुल मुफीद है। मैच के दौरान तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और बारिश की संभावना बेहद कम, लगभग 3% है। कुल मिलाकर चेपॉक में होने वाला यह मुकाबला रोमांच से भरपूर रहने की उम्मीद है, जहां बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों को अपनी छाप छोड़ने का मौका मिलेगा और फैंस को एक शानदार मैच देखने को मिल सकता है।
यह भी पढ़ें
रवींद्र जडेजा का धमाका, हार्दिक पांड्या के बाद ऐसा करने वाले बने सिर्फ दूसरे भारतीय