MS Dhoni: IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स मुकाबलों के बीच एक सवाल हर फैन के मन में लगातार बना हुआ है, क्या एमएस धोनी आज खेल रहे हैं? चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले जा रहे मैच से पहले भी यही चर्चा सबसे ज्यादा सुर्खियों में रही।
दरअसल, एमएस धोनी टूर्नामेंट शुरू होने से पहले लगी की चोट के कारण अभी तक मैदान से दूर हैं। इसी वजह से वह गुजरात टाइटंस के खिलाफ इस मुकाबले में भी चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। 26 अप्रैल को एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स अपने पिछले मैचों की जीत की लय को बरकरार रखना चाहती है, वहीं गुजरात टाइटंस लगातार दो हार के बाद वापसी के इरादे से उतरी है।
मैच से पहले जब टीम शीट सामने आई तो एक बार फिर धोनी का नाम उसमें नहीं था। टॉस जीतकर गुजरात टाइटंस ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दोनों टीमों ने एक-एक बदलाव किया। CSK ने सरफराज खान की जगह उर्विल पटेल को मौका दिया, जबकि गुजरात ने प्रसिद्ध कृष्णा की जगह अर्शद खान को टीम में शामिल किया।
वापसी के बेहद करीब धोनी
चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने मैच से पहले धोनी की फिटनेस को लेकर अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि धोनी लगातार सुधार कर रहे हैं और वापसी के करीब हैं। उन्होंने कहा कि धोनी को कैसे भूल सकते हैं। वह अच्छी प्रगति कर रहे हैं। वह रिकवरी के रास्ते पर हैं और उनसे जो भी अपेक्षा की जा रही है, वह सब कर रहे हैं। प्रैक्टिस सेशन के दौरान धोनी को स्प्रिंट करते हुए भी देखा गया, जिससे संकेत मिलते हैं कि वह जल्द ही मैदान पर वापसी कर सकते हैं।
फिट होने के बावजूद क्यों नहीं खेल रहे धोनी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी फिटनेस टेस्ट पास कर चुके हैं, लेकिन टीम कॉम्बिनेशन को ध्यान में रखते हुए वह खुद प्लेइंग इलेवन से बाहर हैं। CSK की टीम अब संतुलन पकड़ती नजर आ रही है और धोनी उसमें बदलाव नहीं करना चाहते। सीजन की शुरुआत में लगातार तीन मैच हारने के बाद सीएसके ने अगले चार में से तीन मुकाबले जीतकर प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है। ऐसे में टीम अपने मौजूदा संयोजन को बनाए रखना चाहती है। संभावना है कि धोनी भविष्य में कार्तिक शर्मा की जगह वापसी कर सकते हैं, जो 14.2 करोड़ रुपये में खरीदे गए थे, लेकिन अभी तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। हालांकि, टीम उन्हें भविष्य के निवेश के तौर पर मौका दे रही है।
यह भी पढ़ें:
दीप्ति शर्मा का बड़ा कारनामा, पांच विकेट हॉल लेकर दिग्गजों की लिस्ट में शामिल करवाया अपना नाम
IPL Orange Cap: वैभव सूर्यवंशी से छिनी ऑरेंज कैप, विराट कोहली को हुआ भयंकर नुकसान