इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 37वां लीग मुकाबला चेन्नई के एम. चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस की टीम के बीच में खेला जाएगा। इस मुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 पर होगी। दोनों ही टीमों का अभी तक ये आईपीएल सीजन काफी उतार-चढ़ाव भरा देखने को मिला है, जिसमें चेन्नई सुपर किंग्स ने जहां अपने शुरुआती तीन मैचों में लगातार हार का सामना किया और फिर अगले 4 मैचों में से तीन में जीत हासिल करने के साथ शानदार वापसी की। वहीं गुजरात टाइटंस ने अपने पहले 2 मैचों में हार का सामना किया फिर तीन मैचों में लगातार जीत हासिल की थी, लेकिन पिछले 2 मैचों में उन्हें लगातार हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में सीएसके और जीटी दोनों ही टीमों के लिए ये मुकाबला काफी अहम रहने वाला है।
अब तक दोनों टीमों के बीच में दिखी है बराबरी की टक्कर
चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच में आईपीएल में अब तक एक-दूसरे के खिलाफ रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें दोनों टीमों के बीच में बराबरी की टक्कर देखने को मिली है। सीएसके और जीटी ने आईपीएल में अब तक एक-दूसरे के खिलाफ 8 मैच खेले हैं, जिसमें से चेन्नई सुपर किंग्स की टीम जहां 4 मैच जीतने में कामयाब रही है तो वहीं गुजरात टाइटंस की टीम भी चार मैचों को अपने नाम कर चुकी है। एमए चिदंबरम स्टेडियम में दोनों टीमों की बीच में अब तक 2 मुकाबले खेले गए हैं और दोनों में साफतौर पर चेन्नई सुपर किंग्स का दबदबा देखने को मिला है, जिसमें वह ये दोनों ही मैच जीतने में कामयाब रही है।
शुभमन गिल और संजू सैमसन पर रहेगी सभी की नजरें
इस मैच को लेकर बात की जाए तो उसमें सभी की नजरें शुभमन गिल और संजू सैमसन को लेकर रहने वाली है, जिसमें दोनों ही खिलाड़ियों का फॉर्म अब तक इस सीजन काफी बेहतर देखने को मिला है। संजू सैमसन के बल्ले से इस सीजन में 2 शतकीय पारियां देखने को मिल चुकी हैं, तो वहीं गिल भी साई सुदर्शन के साथ मिलकर गुजरात टाइटंस को बेहतर शुरुआत देते हुए दिखाई दिए हैं। ऐसे में इस मुकाबले का परिणाम काफी कुछ इन दोनों ही बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर निर्भर करने वाला है। दिन के समय होने वाले इस मैच में स्पिन गेंदबाजों की भूमिका भी काफी अहम रहने वाली है, जिसमें चेन्नई की बल्लेबाजी के लिए मुफीद पिच पर स्पिनर्स कितना बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं इसको लेकर सभी की नजरें रहेंगी।
ये भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, महज इतनी गेंदों में ठोकी दूसरी IPL सेंचुरी, सचिन तेंदुलकर को भी पछाड़ा
लुंगी एंगिडी की चोट पर आया बहुत बड़ा अपडेट, IPL ने फैंस को दी जानकारी