CSK vs LSG, IPL 2026: IPL 2026 में आज चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला खेला गया जिसको सीएसके 5 विकेट से अपने नाम करने में कामयाब रही। इस मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को जीत दिलाने में उर्विल पटेल ने अहम भूमिका निभाई जिनके बल्ले से 65 रनों की शानदार पारी देखने को मिली। लखनऊ के खिलाफ मैच में सीएसके के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। इस मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 8 विकेट के नुकसान पर 203 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब हुई।
लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम को सीएसके के खिलाफ मैच में जोश इंग्लिश और मिचेल मार्श की ओपनिंग जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत देने के साथ पहले विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी की थी। वहीं इसके बाद अचानक लखनऊ ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवा दिए लेकिन शहबाज अहमद ने अंतिम ओवर्स में नाबाद 43 रनों की पारी खेलने के साथ स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। जोश इंग्लिश के बल्ले से इस मैच में 85 रनों की पारी देखने को मिली। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से गेंदबाजी में जेमी ओवरटन ने तीन जबकि अंशुल कंबोज ने दो विकेट हासिल किए तो वहीं इसके अलावा नूर अहमद एक विकेट लेने में कामयाब रहे।
सीएसके जब इस मैच में टारगेट का पीछा करने उतरी तो उन्होंने 45 के स्कोर पर अपना पहला विकेट संजू सैमसन के रूप में गंवाया, इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे उर्विल पटेल ने ऐसी धुआंधार 65 रनों की पारी खेली जिसके चलते मुकाबला पूरी तरह से एकतरफा हो गया। सीएसके ने इस मैच में 19.2 ओवर्स में पांच विकेट के नुकसान पर टारगेट का पीछा कर लिया, जिसके साथ वह खुद को अभी भी प्लेऑफ में पहुंचने की रेस में बनाए रखे हुए हैं।
यहां पर देखिए इस मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग
चेन्नई सुपर किंग्स - संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, अकील होसेन, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, मुकेश चौधरी।
लखनऊ सुपर जाएंट्स - मिचेल मार्श, जोश इंग्लिश, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), एडन मारक्रम, अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, शाहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी, प्रिंस यादव।
यहां पर देखिए दोनों टीमों के इम्पैक्ट प्लेयर लिस्ट
सीएसके - गुरजापनीत सिंह, प्रशांत वीर, मैथ्यू शॉर्ट, सरफराज खान, आकाश मधवाल।
एलएसजी - मुकुल चौधरी, आवेश खान, अब्दुल समद, एम सिद्धार्थ, मयंक यादव।