ऑस्ट्रेलिया के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर डेमियन मार्टिन की सेहत को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। मार्टिन को कोमा से बाहर निकाल लिया गया है और वह अब बात कर पा रहे हैं। 54 साल के डेमियन मार्टिन को बॉक्सिंग डे के दिन तब ब्रिस्बेन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जब उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। वह अपने गोल्ड कोस्ट स्थित घर पर अस्वस्थ महसूस करने के बाद आराम करने के लिए लेटे थे। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेनिन्जाइटिस से पीड़ित पाया, जिसके चलते उन्हें अस्पताल में कृत्रिम कोमा में रखा गया था।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट ने मार्टिन की हालत में तेजी से सुधार की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मार्टिन का रिकवरी ग्राफ उम्मीद से कहीं ज्यादा तेज रहा है और उनके परिवार ने इसे चमत्कार करार दिया है। गिलक्रिस्ट ने कोड स्पोर्ट्स से कहा कि वह अब बात कर पा रहे हैं और इलाज का अच्छा जवाब दे रहे हैं। कोमा से बाहर आने के बाद से उनकी हालत में असाधारण सुधार हुआ है। परिवार को ऐसा लग रहा है मानो कोई चमत्कार हुआ हो। उन्होंने आगे बताया कि हालात इतने सकारात्मक हैं कि डॉक्टरों को उम्मीद है कि मार्टिन को जल्द ही ICU से अस्पताल के दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया जा सकता है।
मार्टिन के मेनिन्जाइटिस से पीड़ित होने की खबर से पूरी क्रिकेट दुनिया में चिंता की लहर दौड़ गई थी। दुनियाभर के खिलाड़ी और फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। मेनिन्जाइटिस दिमाग और रीढ़ की हड्डी को ढकने वाली झिल्लियों में होने वाली गंभीर सूजन है, जो जानलेवा भी साबित हो सकती है।
गिलक्रिस्ट ने बताया कि वह लगातार मार्टिन के परिवार के संपर्क में हैं और परिवार को क्रिकेट समुदाय से मिल रहे प्यार और समर्थन ने भावुक कर दिया है। उन्होंने कहा कि डेमियन की साथी अमांडा और उनके परिवार की ओर से इस मुश्किल समय में दुआओं और शुभकामनाओं के लिए सभी का दिल से धन्यवाद।
डेमियन मार्टिन का क्रिकेट करियर बेहद शानदार रहा है। उन्होंने 1992 से 2006 के बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए 67 टेस्ट और 208 ODI मुकाबले खेले। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 46.4 की औसत से 4406 रन हैं, जिसमें 13 शतक शामिल हैं, जबकि ODI में उन्होंने 5346 रन बनाए। वह 2000 के शुरुआती दशक में ऑस्ट्रेलिया की स्वर्णिम टीम का अहम हिस्सा रहे और 2003 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम में भी शामिल थे।
यह भी पढ़ें
वैभव सूर्यवंशी ने कप्तानी डेब्यू पर रच दिया इतिहास, तोड़ा पाकिस्तानी खिलाड़ी का बड़ा रिकॉर्ड
संपादक की पसंद