भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में 7 फरवरी से खेले जाने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसके लिए कई ने अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। वहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मेगा इवेंट के लिए अपने स्क्वाड का ऐलान तो नहीं किया लेकिन उन्होंने अपने प्रोविजनल स्क्वाड की लिस्ट आईसीसी को सौंप दी है। आईसीसी की तरफ से सभी टीमों को उनकी खिलाड़ियों की लिस्ट एक जनवरी तक सौंपने के लिए कहा था, जिसमें पीसीबी ने समय सीमा के अंदर इस प्रक्रिया को पूरा कर लिया था। वहीं जो स्क्वाड सौंपी गई है, उसमें कुछ बड़े नाम शामिल हैं तो कुछ को जगह नहीं मिली है।
बाबर और शाहीन का नाम शामिल तो हारिस हुए बाहर
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपने 15 खिलाड़ियों की जो लिस्ट सौंपी गई है उसमें समाचार एजेंसी पीटीआई की खबर के अनुसार पीसीबी के सूत्र ने उन्हें दिए बयान में कहा कि पाकिस्तान की संभावित टीम में चोटिल तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी और पूर्व कप्तान बाबर आजम के अलावा ऑलराउंडर शादाब खान का नाम भी शामिल है। शादाब कंधे की चोट के कारण पिछले साल मई महीने से इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेल पाए हैं। शादाब ने बिग बैश लीग के जारी सीजन में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की और अब वह 7 जनवरी से श्रीलंका में शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के जरिए इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी करेंगे। सूत्रों के अनुसार चयनकर्ताओं ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए चुने गए अधिकतर खिलाड़ियों को आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी संभावित टीम में जगह दी गई है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान ने जो आईसीसी को अपने खिलाड़ियों की लिस्ट को सौंपा है उसमें तेज गेंदबाज हारिस रऊफ और विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद का नाम शामिल नहीं है। पाकिस्तान की टीम को 7 जनवरी से श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज खेलनी है, जिसमें आखिरी मैच 11 जनवरी को खेला जाएगा। इसके खत्म होने के बाद ऐसी उम्मीद लगाई जा रही है कि पीसीबी आधिकारिक तौर पर स्क्वाड का ऐलान सार्वजनिक रूप से कर देगा।
भारत के खिलाफ 15 फरवरी को खेलना है मैच
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की टीम को ग्रुप-ए में भारत, नीदरलैंड्स, यूएसए और नामीबिया की टीम के साथ जगह मिली है। पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट में अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलेगी। वहीं उनका पहला मुकाबला नीदरलैंड्स की टीम से 7 फरवरी को होगा, जिसके बाद 10 फरवरी को पाकिस्तानी टीम यूएसए की टीम के खिलाफ अपना दूसरा मुकाबला खेलेगी। इसके बाद 15 फरवरी को उनका सामना भारतीय टीम से होगा जिसको लेकर सभी फैंस काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पाकिस्तान की टीम ग्रुप स्टेज में अपना आखिरी मैच 18 फरवरी को नामीबिया की टीम से खेलेगी।
ये भी पढ़ें
IPL से बाहर होने पर आया मुस्तफिजुर रहमान का पहला बयान, कहा - आप क्या कर सकते हैं?