सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज टेस्ट सीरीज का पांचवां मैच शुरू हो चुका है। इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। इंग्लैंड के लिए इस मैच में भी बेन डकेट और जैक क्रौली ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने टीम को तेज शुरुआत देने की कोशिश की लेकिन वह इसमें कामयाब नहीं हो सके। इस मैच में बेन डकेट 27 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें एक बार फिर मिचेल स्टार्क ने आउट किया।
बेन डकेट को 8 बार आउट कर चुके हैं मिचेल स्टार्क
दरअसल मिचेल स्टार्क धीरे-धीरे बेन डकेट के लिए बुरा सपना बनते जा रहे हैं। डकेट टेस्ट में उनके खिलाफ अब तक आठ बार आउट हो चुके हैं। इस सीरीज में वह स्टार्क के खिलाफ पांच बार आउट हो चुके हैं। इस गेंदबाज के खिलाफ उन्होंने अब तक 183 गेंदों में 173 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 94.53 और औसत 21.62 का रहा है। इस गेंदबाज के खिलाफ डकेट ने रन जरूर बनाए हैं लेकिन वह आउट भी काफी बार हुए हैं।
बेन डकेट ने हाल ही में पूरे किए थे 3000 टेस्ट रन
बेन डकेट ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट में अपने 3000 रन पूरे किए थे। वह टेस्ट में सबसे कम गेंदों में 3000 रन पूरे करने वाले दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज बने थे। बेन डकेट ने इंग्लैंड की टीम के लिए साल 2016 में टेस्ट में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने टीम के लिए कुल 42 मुकाबले खेले, जिसमें उनके बल्ले से 3005 रन निकले हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 16 अर्धशतक लगाए हैं। इसके अलावा वनडे क्रिकेट में भी उनके नाम पर 1237 रन दर्ज हैं।
सिडनी टेस्ट में फेल हुए इंग्लैंड के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज
पांचवें टेस्ट मैच की बात करें तो वहां इंग्लैंड ने पहले दिन के लंच ब्रेक तक 24 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 114 रन बना लिए हैं। पहले दिन के पहले सत्र में इंग्लैंड के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर पाए। जैक क्रौली 16, बेन डकेट 27 और जैकब बेथेल 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अब इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट पर यहां से एक बड़ी पारी खेलने की जिम्मेदारी होगी। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्टार्क, माइकल नेसर और स्कॉट बोलैंड एक-एक विकेट लेने में कामयाब रहे हैं।
यह भी पढ़ें
T20 World Cup 2026 से पहले स्टार खिलाड़ी चोटिल, इस टीम की बढ़ गई टेंशन!