India vs South Africa: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज शुरू होने में अब कुछ ही वक्त बचा है। दो मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 14 नवंबर से कोलकाता के ईडन गार्डेंस में खेला जाएगा। इस बीच पहले मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन क्या होगी, इसको लेकर सस्पेंस बरकरार है, लेकिन एक खिलाड़ी का खेलना करीब करीब पक्का हो गया है। जिस खिलाड़ी की हम बात कर रहे हैं, उसने अभी हाल ही में बैक टू बैक दो सेंचुरी लगाने के बाद अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली थी।
ऋषभ पंत के साथ ध्रुव जुरेल भी होंगे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा
साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ऋषभ पंत ने वापसी कर ली है। इंग्लैंड सीरीज के दौरान पंत चोटिल हो गए थे और इसके बाद उन्होंने वेस्टइंडीज सीरीज मिस की थी। वेस्टइंडीज सीरीज में विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर ध्रुव जुरेल को मौका दिया गया था। जिन्होंने खुद को साबित भी किया। इसके बाद सस्पेंस था कि क्या ध्रुव जुरेल प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बतौर बल्लेबाज रह पाएंगे कि नहीं। इसको लेकर अब तस्वीर साफ हो गई है।
टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच ने साफ की तस्वीर
दरअसल मैच से दो दिन पहले टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रेयान टेन डोएशे ने कहा है कि कोलकाता टेस्ट में ध्रुव जुरेल को मौका दिया जाएगा। रेयान टेन डोएशे ने साफ तौर पर कहा कि ध्रुव जुरेल इस वक्त जबरदस्त फार्म में हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि नितीश कुमार रेड्डी पहला मैच नहीं खेल पाएंगे। सहायक कोच ने कहा कि ध्रुव ने पिछले कुछ वक्त में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसके देखते हुए उनका खेलना तय है। इस तरह से देखा जाए तो टीम में होने के बाद भी नितीश कुमार रेड्डी अब प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हो पाएंगे। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया सीरीज के दौरान भी उन्हें ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिला था।
दोनों पारियों में ठोका शतक और रहे नाबाद
साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ भारत ए की ओर से खेलते हुए ध्रुव जुरेल ने दोनों पारियों में शतक ठोका था। मैच की पहली पारी में जहां उन्होंने 132 रन ठोके, वहीं दूसरी में 127 रन बनाने में कामयाब रहे। खास बात ये रही कि भले ही इस मैच में भारत ए को हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन ध्रुव जुरेल किसी भी पारी में आउट नहीं हुए और नाबाद रहे। ऐसे में उनका खेलना करीब करीब तय माना जा रहा था, लेकिन सवाल यही था कि वे किसी जगह आएंगे। हालांकि अभी प्लेइंग इलेवन का ऐलान होना बाकी है, लेकिन माना जाना चाहिए कि वे खेलते हुए दिखाई देंगे।
यह भी पढ़ें
ICC Rankings: बाबर आजम की मिट्टी पलीद, विराट कोहली को बिना खेले रैंकिंग में फायदा
एशिया कप में भारत से मिली हार के बाद अब बिलबिलाया पाकिस्तानी गेंदबाज, बोले- कोई माफी नहीं