इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड यानी ECB ने 2025/26 सीजन के लिए इंग्लैंड महिला टीम के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट्स की घोषणा कर दी है। इस बार कुल 17 खिलाड़ियों को फुल सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट और 4 खिलाड़ियों को स्किल्स कॉन्ट्रैक्ट प्रदान किए गए हैं। इनमें 10 खिलाड़ियों को नए एक साल के कॉन्ट्रैक्ट मिले हैं, जबकि 7 खिलाड़ी अपने दो साल के कॉन्ट्रैक्ट के दूसरे साल में प्रवेश कर रही हैं।
लिन्सी स्मिथ को पहली बार फुल सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट
लिन्सी स्मिथ को पहली बार फुल सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट मिला है। उन्होंने सात साल पहले इंग्लैंड के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उन्होंने मई 2024 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने ODI डेब्यू में पांच विकेट झटके थे। एम अर्लॉट और एमा लैम्ब को भी पहली बार स्किल्स कॉन्ट्रैक्ट से नवाजा गया है। अर्लॉट ने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान 27 साल की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू किया था। एमा लैम्ब ने 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I से करियर की शुरुआत की थी। पीठ की सर्जरी से उबरने के बाद वे नई हेड कोच शार्लोट एडवर्ड्स के नेतृत्व में टीम में वापसी कर रही हैं। ये दोनों खिलाड़ी रयाना मैकडोनाल्ड-गे और इस्सी वोंग के साथ स्किल्स कॉन्ट्रैक्ट की कैटेगिरी में शामिल हुई हैं। स्किल्स कॉन्ट्रैक्ट को पहले डेवेलपमेंट कॉन्ट्रैक्ट कहा जाता था।
केट क्रॉस को नहीं मिला कॉन्ट्रैक्ट
अनुभवी तेज गेंदबाज केट क्रॉस को कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में जगह नहीं मिली। उन्होंने सितंबर में बताया था कि बोर्ड उनसे पहले ही इसकी जानकारी दे चुका है। क्रॉस को बाहर करने पर कमेंट करते हुए इंग्लैंड महिला टीम की मैनेजिंग डायरेक्टर क्लेयर कॉनर ने कहा कि किसी भी डोमेस्टिक क्रिकेटर के लिए सिलेक्शन का दरवाजा कभी बंद नहीं होता। हालांकि, 34 साल की क्रॉस ने अभी तक अपने भविष्य के बारे में कोई ऐलान नहीं किया है।
भारत की सफलता से ली प्रेरणा
कॉनर ने कहा कि यह युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण इंग्लैंड की भविष्य की योजनाओं पर भरोसे को दर्शाता है, खासकर 2026 महिला T20 वर्ल्ड कप पर जीत दर्ज करने के लक्ष्य को देखते हुए, जिसका फाइनल 5 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत को अपने देश में महिला वर्ल्ड कप जीतते हुए देखना प्रेरणादायक था। हम भी अगले साल बड़े मंच पर वैसा ही प्रभाव छोड़ना चाहते हैं।
मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट: लॉरेन बेल, चार्ली डीन, सोफी एक्लेस्टोन, हीथर नाइट, एमी जोन्स, नैट साइवर-ब्रंट, डैनी वायट-हॉज।
नए एक साल के कॉन्ट्रैक्ट पाने वाली खिलाड़ी: टैमी ब्यूमोंट, माइया बाउचियर, एलिस कैप्सी, सोफिया डंकले, लॉरेन फाइलर, माहिका गौर, डेनिएल गिब्सन, सारा ग्लेन, फ्रेया केम्प, लिंसे स्मिथ।
नए स्किल्स कॉन्ट्रैक्ट: एम अर्लट, एमा लैम्ब, रयाना मैकडोनाल्ड-गे, इस्सी वोंग।