हाल ही में आयरलैंड में भारतीय टीम के खिलाफ गेंद से कहर बरपाने वाले जय मूंदड़ा को लेकर बड़ी खबर आई है। राजस्थान में जन्मे युवा तेज गेंदबाज को यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग यानी ETPL के प्लेयर ड्राफ्ट में शामिल कर लिया गया है। जय मूंदड़ा को ETPL की फ्रैंचाइजी रॉटरडैम डॉकर्स ने अपने साथ जोड़ा है।
ETPL का प्लेयर ड्राफ्ट 2 जुलाई को आयोजित हुआ, जिसमें लीग की 6 फ्रेंचाइजियों ने अपनी-अपनी टीमों का गठन किया। कुल 36 खिलाड़ियों का सिलेक्शन किया गया, जिनमें आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड के 12-12 खिलाड़ी शामिल थे। जय मूंदड़ा हाल ही में भारत के खिलाफ T20I सीरीज में शानदार प्रदर्शन के चलते सुर्खियों में आए थे। उन्होंने पूरी सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों को खूब परेशान किया और दो मैचों में विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को अपना आसान शिकार बनाया। दमदार गेंदबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया था।
जय मूंदड़ा सबसे पहले चुने गए
रॉटरडैम डॉकर्स ने ड्राफ्ट की शुरुआत ही जय मूंदड़ा को चुनकर की। टीम ने इसके अलावा नीदरलैंड के इंटरनेशनल खिलाड़ी माइकल लेविट, रयान क्लेन, विक्रमजीत सिंह और साकिब जुल्फिकार के साथ स्कॉटलैंड के जैस्पर डेविडसन को भी अपनी टीम में शामिल किया। दूसरी ओर, बेलफास्ट वुल्व्स ने अनुभवी आयरिश क्रिकेटर पॉल स्टर्लिंग और उभरते हुए बाएं हाथ के स्पिनर मैथ्यू हम्फ्रीज को अपनी टीम में जगह दी।
जोंटी रोड्स ने की जमकर की तारीफ
रॉटरडैम डॉकर्स के को-ओनर और साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज जोंटी रोड्स ने जय मूंदड़ा की तारीफ करते हुए कहा कि भारत के खिलाफ इंटरनेशनल लेवल पर जिस तरह उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, उसके बाद टीम उन्हें अपने साथ जोड़ने के लिए बेहद उत्सुक थी। रोड्स ने कहा कि जय एक बेहद प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी हैं। उनमें अपार क्षमता है और हमें खुशी है कि ड्राफ्ट में हम उन्हें अपनी टीम का हिस्सा बनाने में सफल रहे। हमें भरोसा है कि वह आने वाले समय में टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।
ETPL के ड्राफ्ट में चुने गए प्लेयर्स
- एम्स्टर्डम फ्लेम्स: कर्टिस कैम्फर, काइल क्लेन, टिम प्रिंगल, आर्यन दत्त, जॉर्डन नील और मैक्स ओ'डाउड
- आयरिश वुल्व्स: मैथ्यू हम्फ्रीज, फ्रेड क्लासन, टिम टेक्टर, पॉल स्टर्लिंग, जैनुल्ला एहसान और अलेक्जेंडर रॉय
- डबलिन गार्डियंस: बेंजामिन कैलिट्ज, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हॉलार्ड, क्रेग यंग, नोआ क्रोस और क्रिस ग्रीव्स
- एडिनबर्ग कैसल रॉकर्स: गैरेथ डेलानी, रॉस अडायर, जैक जार्विस, चार्ली टीयर, सफयान शरीफ और फिनले मैकक्रेथ
- ग्लासगो कॉस्मिक: ब्रैड करी, मैथ्यू क्रॉस, पॉल वैन मीकेरेन, माइकल लीस्क, ओलिवर डेविडसन और क्रिस मैकब्राइड
- रॉटरडैम डॉकर्स: जय मूंद्रा, माइकल लेविट, रयान क्लेन, जैस्पर डेविडसन, विक्रमजीत सिंह और साकिब ज़ुल्फिकार
यह भी पढ़ें:
ETPL में राहुल द्रविड़ की टीम से जुड़े रविचंद्रन अश्विन, निभाएंगे कप्तान और मेंटर की भूमिका
आयरलैंड के हेड कोच ने दिया इस्तीफा, भारत के खिलाफ ऐतिहासिक सीरीज जीत के बाद छोड़ा पद